तहकीकात TODAY
रिपोर्ट — फरहान खान / राजकुमार मीना
आगरा। महिला कर्मचारियों के सशक्तिकरण, आत्मविश्वास, आत्मनिर्भरता और प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आगरा मंडल में विशेष “महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम-2026” का आयोजन किया गया। मंडल रेल प्रबंधक आगरा गगन गोयल के निर्देशन में सोमवार, 28 सितंबर को अधिकारी क्लब, आगरा में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला रेल कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ ईशानी गोयल, अध्यक्षा, महिला कल्याण संगठन आगरा मंडल द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके बाद महिला कर्मचारियों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने उत्साह और रचनात्मकता के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम के दौरान महिला अतिथियों एवं वक्ताओं ने महिला सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता, महिला सुरक्षा, कार्यस्थल पर महिलाओं की भूमिका और उनके अधिकारों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार साझा किए। इस दौरान गुलशन, एसआई आरपीएफ, मीनू, कांस्टेबल आरपीएफ, रिंकू सिंह, आईपीएफ आरपीएफ, अनुराधा तिवारी, रेलवे अधिवक्ता, महिला चिकित्सक तथा गार्गी उमराव, वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक ने महिला सशक्तिकरण के विभिन्न पहलुओं पर जानकारी दी।

कार्यक्रम में महिला कर्मचारियों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं। उनकी प्रस्तुतियों को उपस्थित अधिकारियों, अतिथियों और कर्मचारियों ने खूब सराहा। विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली महिला कर्मचारियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
महिला स्वास्थ्य को भी दिया गया विशेष महत्व
महिला कर्मचारियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम स्थल पर उपाध्याय हॉस्पिटल के सहयोग से महिला चिकित्सा जांच शिविर भी आयोजित किया गया। शिविर में महिला कर्मचारियों को स्वास्थ्य संबंधी जांच और आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराई गई। कार्यक्रम के समापन अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक आगरा गगन गोयल ने सभी महिला कर्मचारियों एवं अधिकारियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में महिला कर्मचारियों द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें अपनी प्रतिभा, क्षमता और आत्मविश्वास के साथ निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम का आयोजन कार्मिक विभाग, आगरा मंडल द्वारा वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्री अरुण सिंह तोमर के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम ने महिला रेल कर्मचारियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, अनुभव साझा करने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए एक प्रेरणादायी मंच प्रदान किया।





