तहकीकात TODAY
रिपोर्ट – फरहान खान/ फैजान उद्दीन
लखनऊ/आगरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूर्ण होने और उनके जन्मदिन के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक एक माह का ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान को पूरे उत्तर प्रदेश में प्रभावी ढंग से संचालित करने की जिम्मेदारी प्रदेश सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय को सौंपी गई है। अभियान के तहत भाजपा कार्यकर्ता घर-घर पहुंचकर सेवा, जनकल्याण और राष्ट्र निर्माण से जुड़े कार्यक्रमों में सहभागिता करेंगे। एक माह तक चलने वाले इस अभियान में ‘आशीर्वाद का दीया’, ‘करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’, ‘नमो सेवा गाथा’, ‘आंगन का उत्सव’, ‘कहानी बदलाव की’, ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘वडनगर से वाराणसी यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘घर-घर से राष्ट्र तक रंगोली’, ‘इनोवेशन चैलेंज’ और ‘जनसेवा महाकुंभ’ जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को ग्राम पंचायत स्तर से लेकर शहरों तक ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के माध्यम से होगी। इसके साथ ही दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग एवं आवश्यक उपकरण वितरित किए जाएंगे। अभियान के तहत 7 अक्टूबर 2026 को ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ का आयोजन किया जाएगा। प्रत्येक जिले में यात्राएं निकाली जाएंगी और लोगों को विकसित भारत के निर्माण के लिए सामूहिक संकल्प दिलाया जाएगा। इस दौरान स्क्रीन के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन भी दिखाया जाएगा। ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के अंतर्गत स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, घाटों, पार्कों और गौशालाओं की सफाई एवं सौंदर्यीकरण कराया जाएगा। इसके अलावा रक्तदान शिविर और आरोग्य मेलों का आयोजन होगा, जहां मेडिकल चेकअप के साथ जरूरतमंदों को दवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। वहीं, ‘नमो सेवा गाथा’ के माध्यम से नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन, जनकल्याणकारी योजनाओं और इस अवधि में देश के विभिन्न क्षेत्रों में हुए बदलावों से लोगों को अवगत कराया जाएगा। अभियान का उद्देश्य केवल सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाना नहीं, बल्कि जिला मुख्यालय से लेकर न्याय पंचायत और ग्राम पंचायत स्तर तक प्रत्येक नागरिक को ‘विकसित भारत-2047’ के सामूहिक राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ना है। अभियान को सफल बनाने के लिए योगेन्द्र उपाध्याय जल्द ही संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। बैठक में विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियां निर्धारित की जाएंगी और कार्यक्रमों को भव्य एवं प्रभावी तरीके से आयोजित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे।





