तहकीकात TODAY
रिपोर्ट — फरहान खान / मोहम्मद सुमेर
आगरा। स्वच्छता को जनभागीदारी और रचनात्मकता से जोड़ने के उद्देश्य से आगरा मंडल में ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान के तहत ‘कबाड़ से जुगाड़ एवं कबाड़ से कला’ गतिविधि का आयोजन किया जा रहा है। मंडल रेल प्रबंधक आगरा गगन गोयल के निर्देशन एवं अपर मंडल रेल प्रबंधक गिरीश कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में आयोजित इस पहल के माध्यम से रेलवे के अनुपयोगी कबाड़ को उपयोगी वस्तुओं और आकर्षक कलाकृतियों में परिवर्तित किया जा रहा है।

17 सितंबर से 02 अक्टूबर 2026 तक चल रहे स्वच्छता अभियान की इस वर्ष की थीम “स्वच्छता में सहभाग, स्वच्छ भारत, विकसित भारत” रखी गई है। इसी क्रम में 28 एवं 29 सितंबर को “स्वच्छता से समृद्धि” थीम के अंतर्गत कैरिज एंड वैगन डिपो में ‘कबाड़ से जुगाड़’ और ‘कबाड़ से कला’ गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इस गतिविधि में रेलवे में लंबे समय से अनुपयोगी पड़ी पुरानी एवं स्क्रैप सामग्री का रचनात्मक उपयोग किया जा रहा है। इसमें पुराने सिग्नलिंग उपकरण, कोच के अनुपयोगी पार्ट्स, विभिन्न प्रकार के धातु कबाड़ सहित अन्य बेकार सामग्री को नए स्वरूप में ढालकर उपयोगी वस्तुओं एवं आकर्षक कलाकृतियों का रूप दिया जा रहा है।

आगरा मंडल की इस पहल का उद्देश्य केवल रेलवे परिसरों की सफाई करना ही नहीं, बल्कि अनुपयोगी वस्तुओं के बेहतर प्रबंधन और उनके पुनः उपयोग को बढ़ावा देना भी है। तैयार की गई उपयोगी वस्तुओं और कलाकृतियों को रेलवे स्टेशनों, रेलवे कॉलोनियों तथा कार्यशालाओं में प्रदर्शित एवं उपयोग किए जाने की दिशा में प्रयास किया जा रहा है। इस रचनात्मक पहल के जरिए रेल यात्रियों और कर्मचारियों को Reduce, Reuse और Recycle यानी कम उपयोग, पुनः उपयोग और पुनर्चक्रण का संदेश दिया जा रहा है। इससे जहां एक ओर रेलवे के अनुपयोगी कबाड़ का बेहतर इस्तेमाल संभव हो रहा है, वहीं दूसरी ओर पर्यावरण संरक्षण और संसाधनों के सदुपयोग के प्रति जागरूकता भी बढ़ाई जा रही है।

रेलवे प्रशासन का मानना है कि स्वच्छता केवल कूड़ा हटाने या परिसर साफ रखने तक सीमित नहीं है। अनुपयोगी सामग्री को सही तरीके से प्रबंधित करना और उससे नए उपयोगी संसाधन तैयार करना भी स्वच्छता अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसी सोच के साथ ‘कबाड़ से जुगाड़, कबाड़ से कला’ को रचनात्मक रूप देकर कर्मचारियों और आमजन को स्वच्छता के साथ पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित किया जा रहा है। आगरा मंडल द्वारा ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान के दौरान स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण-अनुकूल रेलवे परिसरों के निर्माण के साथ-साथ जनभागीदारी को बढ़ावा देने के लिए लगातार विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। यह पहल स्वच्छता को रचनात्मकता, पुनर्चक्रण और संसाधनों के बेहतर उपयोग से जोड़ने की दिशा में एक प्रभावी कदम के रूप में सामने आ रही है।





