तहकीकात TODAY
रिपोर्ट – फरहान खान/ राजकुमार मीना
आगरा। थाना बाह क्षेत्र के नौरंगी घाट पर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक 23 वर्षीय युवती यमुना नदी में कूदकर आत्महत्या का प्रयास करने पहुंच गई। सूचना मिलते ही बाह पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए मौके पर पहुंचकर युवती को नदी में कूदने से रोक लिया और उसकी जान बचा ली।पुलिस के अनुसार, युवती घरेलू कलह के चलते मानसिक रूप से परेशान थी और इसी वजह से उसने आत्महत्या जैसा कदम उठाने का प्रयास किया। पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर युवती को समझाया और उसे सुरक्षित स्थान पर लेकर आए। इसके बाद पुलिस टीम ने युवती के परिजनों को मौके पर बुलाया। पुलिस की मौजूदगी में युवती और उसके परिवार की काउंसलिंग की गई तथा परिवार को आपसी विवाद और तनाव की स्थिति में समझदारी से समाधान निकालने की सलाह दी गई। काउंसलिंग के बाद युवती को सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। बाह पुलिस की त्वरित कार्रवाई और सूझबूझ से एक अनमोल जिंदगी बच गई।





