तहकीकात TODAY
रिपोर्ट – फरहान खान/ मोहम्मद सुमेर
फिरोजाबाद। फिरोजाबाद के जसराना थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। घर के बाहर खेल रहे दो वर्षीय मासूम और उसकी चचेरी दादी की अचानक दीवार गिरने से मलबे में दबकर मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

यह हादसा जसराना थाना क्षेत्र के गांव नगला मधू में बुधवार सुबह करीब नौ बजे हुआ। जानकारी के अनुसार, 56 वर्षीय सोनकली, पत्नी कालीचरण, अपने घर के बाहर गली में बैठी थीं। तभी उनके भतीजे इंदल सिंह का दो वर्षीय बेटा कार्तिक उनके पास आकर खेलने लगा। इसी दौरान अचानक पास के एक मकान की दीवार भरभराकर गिर गई और दोनों मलबे के नीचे दब गए। दीवार गिरने की तेज आवाज सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद दोनों को मलबे से बाहर निकालकर जसराना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। मृतक बालक के पिता इंदल सिंह ने बताया कि उनके तीन बच्चों में कार्तिक सबसे छोटा था। उसकी असमय मौत से पूरा परिवार गहरे सदमे में है। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और दीवार गिरने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।





