तहकीकात TODAY
रिपोर्ट — जाहिद सलमानी / मोनिस उद्दीन
आगरा। यमुना नदी किनारे होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कमिश्नरेट पुलिस ने विशेष जन-जागरूकता अभियान शुरू किया है। पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार के निर्देशन में यमुना नदी के सभी प्रमुख घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करते हुए स्थानीय नागरिकों को सतर्क रहने के लिए जागरूक किया जा रहा है।

अभियान के तहत एसीपी छत्ता के नेतृत्व में थाना कमलानगर पुलिस द्वारा बल्केश्वर स्थित पार्वती घाट तथा थाना छत्ता पुलिस द्वारा हाथी घाट पर चेतावनी संबंधी बोर्ड लगवाए गए। इन बोर्डों के माध्यम से लोगों को नदी में स्नान करने, गहरे पानी में जाने और जोखिमपूर्ण गतिविधियों से बचने की सलाह दी जा रही है।

पुलिस टीम द्वारा घाटों के आसपास रहने वाले स्थानीय नागरिकों से भी संवाद किया गया। लोगों से अपील की गई कि वे अपने बच्चों को यमुना नदी में स्नान न करने दें और उन्हें नदी के गहरे हिस्सों से दूर रखें। खासकर बरसात के मौसम और जलस्तर बढ़ने की स्थिति में अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कई बार लापरवाही और सुरक्षा नियमों की अनदेखी के कारण हादसे हो जाते हैं। ऐसे में जन-जागरूकता ही सबसे बड़ा बचाव है। अभियान के दौरान घाटों पर आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को सुरक्षा संबंधी जरूरी जानकारी भी दी गई।

पुलिस उपायुक्त नगर सय्यद अली अब्बास ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि लोग यमुना नदी किनारे अनावश्यक रूप से जाने और किसी भी प्रकार की जोखिमपूर्ण गतिविधियों से बचें। अभिभावक अपने बच्चों पर विशेष नजर रखें तथा किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना दें। कमिश्नरेट पुलिस का यह अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि यमुना घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा सके तथा किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके।





