तहकीकात TODAY
रिपोर्ट – फरहान खान/ मोनिस उद्दीन
आगरा । पूरे प्रदेश में पॉश (PoS) मशीनों का सर्वर ठप होने से किसानों को खाद वितरण प्रभावित हो गया है। इसी समस्या को लेकर आगरा के बिचपुरी उप सहकारी समिति पर किसानों ने जमकर हंगामा किया। किसानों का आरोप है कि कई दिनों से समिति के चक्कर लगाने के बावजूद उन्हें खाद नहीं मिल रही है। हंगामे की सूचना पर भाजपा किसान नेता मोहन सिंह चाहर मौके पर पहुंचे और किसानों की समस्याएं सुनीं। किसानों ने बताया कि समितियों में खाद उपलब्ध होने के बावजूद पॉश मशीनें बंद होने के कारण वितरण नहीं हो पा रहा है, जिससे खेती-किसानी का काम प्रभावित हो रहा है। समिति के सचिव हम्मीर सिंह राना ने बताया कि सुबह कुछ समय के लिए पॉश मशीन चली थी, जिससे करीब 10 किसानों को खाद वितरित की जा सकी। इसके बाद सर्वर डाउन होने से मशीनें बंद हो गईं और खाद वितरण रोकना पड़ा। मौके पर ही मोहन सिंह चाहर ने कोऑपरेटिव एआर सतीश कुमार से फोन पर बात कर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि आगरा ही नहीं, पूरे प्रदेश में पॉश मशीनों के बंद होने से किसान परेशान हैं। उन्होंने मांग की कि शासन स्तर पर तत्काल कार्रवाई कर सर्वर की समस्या का समाधान कराया जाए, ताकि किसानों को समय पर खाद मिल सके।

इस पर कोऑपरेटिव एआर सतीश कुमार ने बताया कि पॉश मशीनों की तकनीकी समस्या लखनऊ स्तर की है। इस संबंध में उच्च अधिकारियों के माध्यम से शासन को अवगत करा दिया गया है और जल्द ही सर्वर ठीक होने के बाद किसानों को उनकी आवश्यकता के अनुसार खाद का वितरण शुरू कर दिया जाएगा। इस दौरान कुशलपाल सिंह, अशोक कुमार, हम्मीर सिंह राना, अंगद सोलंकी, बंटी पाठक, लोकेश पाठक, धर्म सिंह, करन सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।





