तहकीकात TODAY
रिपोर्ट – फरहान खान/ जाहिद सलमानी
आगरा। थाना एत्माद्दौला क्षेत्र स्थित भाटिया पेट्रोल पंप पर सोमवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बोतल में पेट्रोल देने से मना करने पर कुछ युवकों ने जमकर उत्पात मचाया। आरोप है कि पहले एक युवक की पेट्रोल पंप मैनेजर से कहासुनी हुई, जिसके बाद उसने अपने साथियों को फोन कर मौके पर बुला लिया।

बताया जा रहा है कि कुछ ही देर में दो दर्जन से अधिक युवक ऑटो में भरकर पेट्रोल पंप पर पहुंचे और पथराव शुरू कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने फायर सेफ्टी उपकरणों से कर्मचारियों पर जानलेवा हमला किया और वहां मौजूद ग्राहकों के साथ भी मारपीट की। अचानक हुए हमले से पेट्रोल पंप पर भगदड़ और दहशत का माहौल बन गया।

हमले में पेट्रोल पंप के तीन कर्मचारी घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद भी कुछ समय तक मारपीट और पथराव जारी रहा। घटना के बाद पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।





