तहकीकात TODAY
रिपोर्ट – फरहान खान/ मोहम्मद सुमेर
आगरा। तहसील एत्मादपुर के खंदौली ब्लॉक में साफ-सफाई की बदहाल व्यवस्था को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश सड़क पर उतर आया। ग्राम पंचायत चौकड़ा में शिव मंदिर और ब्लॉक के सामने स्थित शहीद स्मारक के आसपास कूड़े-कचरे का अंबार लगा होने से नाराज सैकड़ों ग्रामीणों ने शनिवार को मुख्यमंत्री के नाम खून से चिट्ठी लिखकर विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि इलाके में सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने के लिए तहसील दिवस समेत कई बार लिखित शिकायतें की गईं, लेकिन इसके बावजूद ब्लॉक कर्मचारियों और ग्राम पंचायत सचिव ने समस्या का समाधान नहीं कराया। स्थानीय लोगों के मुताबिक, पिछले कई महीनों से शिव मंदिर के पास और खंदौली ब्लॉक के ठीक सामने शहीद स्मारक के आसपास कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। गंदगी से उठने वाली दुर्गंध और मच्छरों के कारण आसपास रहने वाले लोगों के साथ राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कई बार संबंधित अधिकारियों और ग्राम पंचायत सचिव को समस्या से अवगत कराया। तहसील दिवस में भी प्रार्थना पत्र दिए गए, लेकिन सफाई व्यवस्था में कोई सुधार नहीं हुआ। लगातार शिकायतों के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री को संबोधित खून से पत्र लिखकर ग्राम पंचायत सचिव को तत्काल निलंबित करने और लापरवाही बरतने वाले ब्लॉक अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि जिम्मेदार अधिकारी जमीनी स्थिति पर ध्यान देने के बजाय केवल खानापूर्ति कर रहे हैं, जबकि क्षेत्र में गंदगी की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समय तक गंदगी की सफाई नहीं कराई गई तो सैकड़ों की संख्या में समाजसेवी और ग्रामीण दोबारा ब्लॉक पहुंचकर विरोध प्रदर्शन करेंगे। प्रदर्शनकारियों ने बड़े आंदोलन की चेतावनी भी दी है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल सफाई व्यवस्था कराने और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल इस मामले में ब्लॉक प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।





