तहकीकात TODAY
रिपोर्ट – फरहान खान/ मोनिस उद्दीन
आगरा। महाराष्ट्र के पुणे से ताजमहल भ्रमण के लिए आगरा पहुंचीं महिला पर्यटकों का थाना ताज सुरक्षा पुलिस द्वारा ताजमहल के पश्चिमी गेट पर स्वागत एवं मार्गदर्शन किया गया। पुलिस की ओर से पर्यटकों को ताजमहल परिसर और आसपास की व्यवस्थाओं की जानकारी देते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। ताज सुरक्षा पुलिस की फ्रेंडली पुलिसिंग से महिला पर्यटक काफी प्रभावित नजर आईं। पर्यटकों ने पुलिस के व्यवहार और सहयोग की सराहना करते हुए अपने अनुभव भी साझा किए। पुलिसकर्मियों ने पर्यटकों से बातचीत कर उनकी सुविधाओं और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने का भरोसा दिलाया। इस दौरान महिला पर्यटकों को थाना ताज सुरक्षा पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘मिशन शक्ति अभियान’ और पर्यटकों की सहायता के लिए संचालित ‘ऑपरेशन टूरिस्ट डिलाइट’ के बारे में भी जानकारी दी गई। पुलिस ने पर्यटकों को किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल सुरक्षा पुलिस से संपर्क करने के लिए जागरूक किया। ताज सुरक्षा पुलिस के उप निरीक्षक शिवराज सिंह ने बताया कि पर्यटकों की सुरक्षा, सहायता और बेहतर अनुभव सुनिश्चित करना पुलिस की प्राथमिकताओं में शामिल है। आगरा आने वाले देश-विदेश के पर्यटकों के साथ मित्रवत व्यवहार कर उन्हें सुरक्षित एवं सुखद पर्यटन अनुभव देने के लिए पुलिस लगातार प्रयासरत है।





