तहकीकात TODAY
रिपोर्ट – फरहान खान/ मोनिस उद्दीन
आगरा। फतेहपुर सीकरी लोकसभा क्षेत्र के चाहरवाटी इलाके के पवित्र स्थल कदमखंडी, जैंगारा में मुख्यमंत्री त्वरित विकास योजना के अंतर्गत लगभग 58 लाख रुपये की लागत से बनने वाले उत्सव भवन का रविवार को वैदिक मंत्रोच्चार और हवन-पूजन के बीच विधिवत शिलान्यास किया गया। शिलान्यास फतेहपुर सीकरी सांसद राजकुमार चाहर ने क्षेत्र के बुजुर्गों और वरिष्ठजनों के करकमलों से कराया।

इस अवसर पर सांसद राजकुमार चाहर ने कहा कि उत्सव भवन के निर्माण से क्षेत्र में सामाजिक, सांस्कृतिक और धार्मिक आयोजनों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने बताया कि भवन में दो कमरे, एक बड़ा हॉल, स्नानघर, शौचालय तथा मीठे पानी की व्यवस्था की जाएगी, जिससे स्थानीय लोगों को विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजन में सुविधा मिलेगी।

सांसद ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और जनहित के विकास कार्यों को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि जनभावनाओं के अनुरूप विकास कार्य लगातार कराए जा रहे हैं और यह उत्सव भवन कदमखंडी, जैंगारा सहित आसपास के कई गांवों के लोगों के लिए उपयोगी साबित होगा।

कार्यक्रम की अध्यक्षता अशोक लवानिया ने की, जबकि संचालन महावीर सिंह ने किया। इस अवसर पर पार्टी पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी, जिला पंचायत सदस्य, ब्लॉक प्रमुख, ग्राम प्रधान, बीडीसी सदस्य तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रीय महिलाएं और पुरुष उपस्थि
त रहे।





