तहकीकात TODAY
रिपोर्ट — फरहान खान / मोहम्मद सुमेर
आगरा । आगामी 30 जून को एत्मादपुर में प्रस्तावित लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा स्थापना एवं जनसभा कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संभावित आगमन के मद्देनजर जिलाधिकारी मनीष बंसल ने गुरुवार को एत्मादपुर पहुंचकर कार्यक्रम स्थल, पार्किंग व्यवस्था और प्रतिमा स्थापना स्थल का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत एत्मादपुर में लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा, जिसके साथ एक विशाल जनसभा भी आयोजित की जानी है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के शामिल होने की संभावना है। इसे देखते हुए प्रशासन सुरक्षा, यातायात और व्यवस्थाओं को लेकर पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मॉडल स्कूल परिसर का भी जायजा लिया, जहां कार्यक्रम आयोजित किए जाने की तैयारी है। उन्होंने पार्किंग व्यवस्था, वीआईपी मूवमेंट, आमजन के बैठने की व्यवस्था और प्रतिमा स्थापना स्थल से संबंधित सभी तैयारियों की विस्तृत जानकारी अधिकारियों से प्राप्त की। साथ ही संबंधित विभागों को समयबद्ध तरीके से सभी व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए।

केंद्रीय मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सैद्धांतिक सहमति प्रदान कर दी है। ऐसे में कार्यक्रम को भव्य और व्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासन एवं संबंधित विभागों द्वारा तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी एत्मादपुर सुमित कुमार, एसीपी देवेश सिंह, तहसीलदार देवेंद्र प्रताप समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए समन्वय के साथ कार्य करने का भरोसा दिलाया।





