तहकीकात TODAY
रिपोर्ट – फरहान खान/ जाहिद सलमानी
आगरा। मिलावटी और असुरक्षित खाद्य पदार्थों पर शिकंजा कसने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जिले में विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान डेयरी, मिठाई की दुकानों और खाद्य प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर विभिन्न खाद्य पदार्थों के 08 विधिक नमूने संग्रहित किए गए।

अभियान के तहत कागारौल स्थित बी.एस. धाकरे डेयरी से पनीर, खेरागढ़ की वंश डेयरी से मिश्रित दूध, दीपचन्द स्वीट्स से बेसन के लड्डू, जबकि मुकेश कुमार सप्लायर से कलाकंद, बूंदी के लड्डू और मिल्क केक के नमूने लिए गए। इसके अलावा छीपीटोला स्थित पुष्पक मिष्ठान भंडार से दूध तथा सत्तो लाला कचौड़ी वाले से आलू के मसाले का नमूना भी संग्रहित किया गया।

विभाग द्वारा लिए गए सभी 08 विधिक नमूनों को जांच के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला भेज दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि प्रयोगशाला की रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि किसी नमूने में खाद्य मानकों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित प्रतिष्ठान के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि जनस्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि आम लोगों को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराए जा सकें।





