तहकीकात TODAY
रिपोर्ट — फरहान खान / मोनिस उद्दीन
आगरा। सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर और जानलेवा बीमारी से बेटियों को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मनीष बंसल ने जनपद के अभिभावकों, शिक्षकों, धर्मगुरुओं, जनप्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों से 14 वर्ष आयु वर्ग की सभी बालिकाओं का एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण कराने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह टीका बेटियों के स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य के लिए एक मजबूत सुरक्षा कवच है। जिलाधिकारी ने बताया कि सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में होने वाले प्रमुख कैंसरों में शामिल है, जिसके कारण हर वर्ष बड़ी संख्या में महिलाओं की असामयिक मृत्यु होती है। इस बीमारी का मुख्य कारण एचपीवी वायरस है और इससे बचाव के लिए एचपीवी वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित, प्रभावी और विश्वसनीय मानी जाती है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार और उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा जनपद की उन सभी किशोरियों को यह वैक्सीन निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है, जिनकी आयु 14 वर्ष है और जिन्होंने अभी अपना 15वां जन्मदिन पूरा नहीं किया है। बाजार में इस वैक्सीन की कीमत लगभग 4,000 रुपये प्रति डोज है, जबकि सरकार इसे पूरी तरह मुफ्त उपलब्ध करा रही है। जिलाधिकारी ने बताया कि जिला अस्पताल, मेडिकल कॉलेज, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तथा शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर नियमित टीकाकरण सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। इसके अलावा प्रत्येक माह के तीसरे शुक्रवार को निकटतम सब-सेंटर पर एएनएम के माध्यम से भी एचपीवी टीकाकरण की सुविधा उपलब्ध है। उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे अपनी पात्र बेटियों का पंजीकरण यू-विन (U-WIN) पोर्टल पर अवश्य कराएं या नजदीकी टीकाकरण केंद्र पर स्वास्थ्य कर्मियों की सहायता से पंजीकरण करवाएं। टीकाकरण के समय मोबाइल फोन के साथ आधार कार्ड, जन्म प्रमाण-पत्र, राशन कार्ड अथवा स्कूल आईडी कार्ड जैसे आयु प्रमाण-पत्र साथ लेकर जाना आवश्यक है। मनीष बंसल ने कहा कि आज उठाया गया एक छोटा कदम भविष्य में बेटियों को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचा सकता है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से अपील की कि जनपद की कोई भी पात्र बालिका इस महत्वपूर्ण टीकाकरण अभियान से वंचित न रहे। उन्होंने शिक्षकों, धर्मगुरुओं, स्वयंसेवी संगठनों, जनप्रतिनिधियों और जागरूक नागरिकों से भी इस जनहितकारी अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में सहयोग करने का आह्वान किया। “एचपीवी का टीका, सुरक्षा का संकल्प सर्वाइकल कैंसर से बेटियों का जीवन बचाने का सशक्त विकल्प।” “आइए, मिलकर स्वस्थ, सुरक्षित एवं सर्वाइकल कैंसर मुक्त आगरा के निर्माण में अपना योगदान दें।”





