तहकीकात TODAY
रिपोर्ट — फरहान खान / राजकुमार मीना
आगरा । राज्यसभा सांसद नवीन जैन के नेतृत्व में चलाए जा रहे “राष्ट्र प्रथम अभियान” का अंतिम चरण बुधवार को एक भव्य और ऐतिहासिक “सामूहिक शपथ संकल्प कार्यक्रम” के साथ संपन्न हुआ। स्पीड कलर लैब के समीप आयोजित इस कार्यक्रम में युवाओं, महिलाओं, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और आम नागरिकों की भारी भीड़ उमड़ी। पूरे आयोजन स्थल पर राष्ट्रभक्ति, जनजागरण और सामाजिक जिम्मेदारी का अनूठा माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने राष्ट्रध्वज के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सात आव्हानों से जुड़ी तख्तियां हाथों में लेकर राष्ट्रहित में कार्य करने का संकल्प लिया। लोगों ने स्वदेशी अपनाने, ईंधन बचत करने, सार्वजनिक परिवहन एवं कारपूलिंग को बढ़ावा देने और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की शपथ ली।

राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने मंच से उपस्थित जनसमूह को राष्ट्रहित की सामूहिक शपथ दिलाई। कार्यक्रम में मौजूद सभी लोगों के हाथों में शपथ संकल्प पत्र था, जिसे सांसद नवीन जैन ने पढ़ा और हजारों लोगों ने एक स्वर में दोहराया। शपथ के दौरान पूरा वातावरण “भारत माता की जय” और राष्ट्रभक्ति के नारों से गूंज उठा। इसके बाद लोगों ने शपथ संकल्प पत्र पर हस्ताक्षर कर राष्ट्रहित के प्रति अपनी प्रतिबद्धता भी दर्ज कराई।सांसद नवीन जैन ने कहा कि राष्ट्र निर्माण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि आज के वैश्विक दौर में भारत को मजबूत बनाने के लिए जनसहभागिता और जागरूकता बेहद जरूरी है। उन्होंने लोगों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सात आव्हानों को अपने दैनिक जीवन में अपनाने की अपील की। अभियान के सह संयोजक वैभव जैन ने कहा कि “राष्ट्र प्रथम अभियान” के माध्यम से युवाओं में राष्ट्रहित और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति सकारात्मक सोच विकसित हो रही है। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में युवाओं और आमजन की सहभागिता यह साबित करती है कि समाज में राष्ट्र प्रथम की भावना लगातार मजबूत हो रही है। उन्होंने इसे राष्ट्र निर्माण की दिशा में एक बड़ा जनआंदोलन बताया। कार्यक्रम के दौरान “60 मिनट – 7 संकल्प”, “आओ लें सामूहिक शपथ” और “देश को दें एक घंटा” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को राष्ट्रहित के लिए समय देने और सामाजिक जिम्मेदारियों के निर्वहन के लिए प्रेरित किया गया। गौरतलब है कि “राष्ट्र प्रथम अभियान” की शुरुआत 19 मई को विशाल जन संकल्प यात्रा से हुई थी, जिसमें भारी जनसैलाब उमड़ा था। इसके बाद शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार जनसंपर्क अभियान चलाकर लोगों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सात आव्हानों से जोड़ा गया। अभियान के दोनों प्रमुख कार्यक्रमों

— जन संकल्प यात्रा और सामूहिक शपथ संकल्प कार्यक्रम — में जनता का अभूतपूर्व समर्थन देखने को मिला।
अभियान की सबसे बड़ी खासियत यह रही कि लोगों ने स्वयं आगे बढ़कर करसेवकों की तरह जिम्मेदारी निभाई और राष्ट्रहित के संदेश को घर-घर पहुंचाने में सहयोग किया। कार्यक्रम में शामिल अधिकांश लोग कारपूलिंग और इलेक्ट्रिक वाहनों के जरिए पहुंचे, जिससे ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी व्यवहारिक रूप में देखने को मिला। कार्यक्रम में युवाओं और महिलाओं की बड़ी भागीदारी ने आयोजन को और अधिक प्रभावशाली बना दिया। पूरे आयोजन को अनुशासित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया गया, जिसकी शहरभर में चर्चा रही। कार्यक्रम का संचालन पार्षद पंकज अग्रवाल और दीपक जैन ने किया। इस अवसर पर विधायक जीएस धर्मेश, भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, सफाई आयोग सदस्य कमल वाल्मीकि, अभियान संयोजक राहुल जैन, अमित ग्वाला, जगदीश पचौरी, जेडी शर्मा, नितेश शिवहरे, धर्मवीर लोधी, छावनी परिषद उपाध्यक्ष राजेश गोयल, राहुल वैध, नागेश शर्मा, राजीव जैन, भगवान दास प्रजापति, प्रवीण कन्नौजिया, अतुल गर्ग, बबीता पाठक, राकेश जैन, विकास भारद्वाज, मुकेश सोलंकी, नेहा गुप्ता, रोहित अली चिश्ती, वंश अग्रवाल सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।





