तहकीकात TODAY
रिपोर्ट — फरहान खान / राजकुमार मीना
आगरा। उत्तर प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर खतरनाक रुख अपनाना शुरू कर दिया है। सचेत ऐप के माध्यम से प्राप्त जानकारी के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई जिलों में तेज आंधी, गरज-चमक के साथ बारिश और ओलावृष्टि होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनी में कुछ जिलों के लिए रेड अलर्ट घोषित किया गया है।मौसम विभाग के अनुसार कई स्थानों पर 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि कुछ इलाकों में हवा की गति 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है। इसके साथ ही गरज-चमक और ओलावृष्टि की भी आशंका जताई गई है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है।जिन जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है उनमें आगरा, अलीगढ़, औरैया, बरेली, बिजनौर, एटा, इटावा, फिरोजाबाद, हमीरपुर, हाथरस, जालौन, झांसी, महोबा, मैनपुरी, मथुरा, सहारनपुर और शामली शामिल हैं। प्रशासन को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए गए हैं। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान घरों में सुरक्षित रहने, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। किसानों को भी फसलों और पशुओं की सुरक्षा के लिए आवश्यक इंतजाम करने की सलाह दी गई है। संभावित तूफान और ओलावृष्टि को देखते हुए जिला प्रशासन एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने भी तैयारियां तेज कर दी हैं। बिजली विभाग को आपूर्ति व्यवस्था दुरुस्त रखने और आपात स्थिति से निपटने के निर्देश दिए गए हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि तेज हवाओं और खराब मौसम के कारण पेड़ गिरने, बिजली बाधित होने और यातायात प्रभावित होने जैसी समस्याएं सामने आ सकती हैं। ऐसे में लोगों को पूरी सतर्कता बरतने की जरूरत है।





