तहकीकात TODAY
रिपोर्ट – फरहान खान / राजकुमार मीना
आगरा। लोधी क्षत्रिय एंप्लाइज एसोसिएशन ‘लक्ष्य आगरा’ की ओर से सूरसदन में नवम प्रतिभा सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में शिक्षा, खेल, प्रतियोगी परीक्षाओं, सरकारी सेवाओं और सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, अभिभावकों और समाज के लोगों ने भाग लिया। समारोह में हाईस्कूल के 100, इंटरमीडिएट के 44, खेल जगत में उपलब्धि हासिल करने वाले 32, प्रतियोगी परीक्षाओं में सफल 17, नव नियुक्त 18, सेवानिवृत्त 11 तथा प्रोन्नति प्राप्त एक अधिकारी सहित कुल प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही सामाजिक क्षेत्र में विशेष योगदान देने वाले समाज के वरिष्ठजनों को भी सम्मान प्रदान किया गया। समारोह का विशेष आकर्षण आगरा के 11 वर्षीय होनहार क्रिकेटर कबीर राजपूत रहे। कबीर ने महज 11 वर्ष की उम्र में 512 रन नाबाद बनाकर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। उनकी इस प्रतिभा और उपलब्धि के लिए लक्ष्य की ओर से उन्हें विशेष रूप से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने कबीर की उपलब्धि की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ब्रिगेडियर (डॉ.) अजय कुमार ने सम्मानित छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए सेना में अधिकारी बनने के लिए एनडीए की तैयारी के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को चिकित्सा के क्षेत्र में आगे बढ़कर डॉक्टर बनने के लिए भी प्रेरित किया। विशिष्ट अतिथि पूरन सिंह, मुख्य अभियंता, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, भारत सरकार ने छात्रों को आईआईटी में प्रवेश के लिए बेहतर तैयारी और लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। वहीं भारत सरकार के सहायक आयुक्त विजय कुमार ने विद्यार्थियों को सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी के तरीके बताए और प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के लिए निरंतर मेहनत व अनुशासन को जरूरी बताया। कुशीनगर से पहुंचे गुलाब सिंह लोधी, अपर जिलाधिकारी एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष लक्ष्य ने स्वामी ब्रह्मानंद जी के जीवन और उनके शिक्षा के क्षेत्र में किए गए कार्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि स्वामी ब्रह्मानंद जी ने शिक्षा के प्रचार-प्रसार पर विशेष जोर दिया और आज समाज उनके विचारों से प्रेरणा लेकर शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है।

लक्ष्य के राष्ट्रीय संयोजक राजकुमार भारती ने छात्र-छात्राओं को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। महोबा से आए बिहारी लाल महान ने भी स्वामी ब्रह्मानंद जी के जीवन और उनके विचारों से उपस्थित लोगों को अवगत कराया। वहीं ललितपुर से आए लक्ष्य के प्रांतीय अध्यक्ष प्रो. अरिमर्दन सिंह ने युवाओं को समाज में व्याप्त कुरीतियों से दूर रहकर अपने निर्धारित लक्ष्य को हासिल करने के लिए प्रेरित किया। लक्ष्य के संस्थापक संरक्षक रती राम वर्मा ने लक्ष्य संगठन की स्थापना के उद्देश्य और समाज के उत्थान के लिए किए जा रहे कार्यों पर प्रकाश डाला।
‘लक्ष्य संदेश’ पत्रिका के षष्ठम अंक का विमोचन
कार्यक्रम के दौरान ‘लक्ष्य संदेश’ पत्रिका के षष्ठम अंक का विमोचन भी किया गया। पत्रिका के प्रधान संपादक सतीश राजपूत ने बताया कि पत्रिका के माध्यम से समाज के विभिन्न व्यवसायों से जुड़े लोगों की जानकारी उपलब्ध कराने के साथ-साथ सामाजिक कुरीतियों से बचने और समाज में जागरूकता फैलाने से संबंधित लेख भी प्रकाशित किए गए हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए लक्ष्य अध्यक्ष इंजीनियर किशोरी सिंह ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों, स्वजातीय बंधुओं, छात्र-छात्राओं और सभी उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने युवाओं को जीवन में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हुए सोशल मीडिया के इस्तेमाल को लेकर भी सावधानी बरतने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर की गई छोटी सी गलती भी भविष्य पर बड़ा असर डाल सकती है। युवाओं को संदेश देते हुए उन्होंने कविता की पंक्तियों के माध्यम से कहा—
पढ़ाई तुम बनारस या इलाहाबाद से करना,
कभी बर्बाद मत खुद को किसी की याद में करना।
वो जो उम्मीद तुमसे बाप को है, याद रखना तुम,
बना लो कैरियर पहले, मोहब्बत बाद में करना।”
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां समारोह में फतेहपुर सीकरी से आए बच्चों ने सरस्वती वंदना, स्वागत गान और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। बच्चों की प्रस्तुतियों को उपस्थित लोगों ने खूब सराहा। कार्यक्रम के आयोजन में पत्रकार महावीर सिंह वर्मा का सराहनीय योगदान रहा। कार्यक्रम का कुशल संचालन लक्ष्य के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सतीश राजपूत ने किया। उनके सहयोग में कोमल सिंह, बीपी सिंह, महामंत्री डॉ. एके सिंह सहित अन्य पदाधिकारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस मौके पर प्रो. अरिमर्दन सिंह, बिहारी लाल महान, बृजलाल लोधी, मेघराज सिंह, आरपी सिंह, लक्ष्मण सिंह, विजय पाल सिंह, कोमल सिंह, महावीर सिंह सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे। अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों और उपस्थित जनों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया।





