आगरा में जलभराव को लेकर फूटा लोगों का गुस्सा, गंदे नाले के पानी में बैठकर किया विरोध प्रदर्शन

City/ STATE'S Exclusive POLITICS आगरा उत्तर प्रदेश नगर निगम प्रदर्शन स्थानीय समाचार हिंदूवादी

तहकीकात TODAY

रिपोर्ट — मोनिस उद्दीन 

आगरा। शमसाबाद रोड पर लंबे समय से बनी जलभराव की समस्या को लेकर स्थानीय लोगों का गुस्सा आखिरकार सड़क पर फूट पड़ा। क्षेत्र के दुकानदारों और नागरिकों ने गंदे नाले के पानी में बैठकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और नगर निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन का नेतृत्व समाजसेवी गोविंद पराशर ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर किया प्रदर्शनकारियों का कहना है कि पिछले करीब 5 वर्षों से शमसाबाद रोड जलभराव की गंभीर समस्या से जूझ रहा है, लेकिन नगर निगम और संबंधित विभाग लगातार अनदेखी कर रहे हैं। हालत यह है कि सड़क पर दिन-रात नाले का गंदा पानी भरा रहता है, जिससे दुकानदारों का व्यापार चौपट हो रहा है और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।स्थानीय लोगों ने बताया कि गंदे पानी और बदबू के कारण क्षेत्र में बीमारी फैलने का खतरा भी लगातार बना हुआ है। महिलाओं, बुजुर्गों और श्रद्धालुओं को सबसे अधिक दिक्कत उठानी पड़ रही है। कई बार लोग फिसलकर चोटिल भी हो चुके हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी समस्या के स्थायी समाधान की ओर कोई ध्यान नहीं दे रहे।

प्रदर्शन के दौरान गोविंद पराशर ने नगर निगम पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जनता की समस्याओं को नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही जलभराव की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और बड़ा रूप दिया जाएगा। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि नालों की सफाई, जल निकासी की उचित व्यवस्था और सड़क की मरम्मत जल्द से जल्द कराई जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके। इस विरोध प्रदर्शन के बाद क्षेत्र में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। अब देखने वाली बात होगी कि प्रशासन जनता के इस आक्रोश के बाद कितनी जल्दी कार्रवाई करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *