तहकीकात TODAY
रिपोर्ट – अजेंद्र सिंह चौहान
आगरा। कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को जिलाधिकारी मनीष बंसल की अध्यक्षता और केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल की उपस्थिति में जिला परामर्शदात्री समिति एवं जिला स्तरीय समीक्षा समिति (डीसीसी/डीएलआरसी) की बैठक हुई। बैठक में केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, ऋण वितरण, बीमा कवरेज और बैंकिंग योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।

केंद्रीय मंत्री ने बैंक अधिकारियों को निर्देश दिए कि गरीब, श्रमिक, किसान, छोटे उद्यमियों और स्ट्रीट वेंडर्स समेत सभी पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं के तहत ऋण सुविधा पारदर्शी और सुगम प्रक्रिया से उपलब्ध कराई जाए। ऋण प्रकरणों के निस्तारण में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।

बैठक में प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना की भी समीक्षा की गई। केंद्रीय मंत्री ने दोनों योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक पात्र लोगों को जोड़ने के निर्देश दिए। पीएम किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री सूर्य घर बिजली योजना, पीएम स्वनिधि और प्रधानमंत्री मुद्रा योजना की भी समीक्षा की गई।

मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना के तहत आगरा में निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष 875 प्रस्ताव स्वीकृत होने की जानकारी दी गई। वहीं, जून तिमाही में जिले का जमा-ऋण अनुपात 72.70 प्रतिशत रहा, जो आरबीआई के 60 प्रतिशत मानक से अधिक है। जिलाधिकारी मनीष बंसल ने अधिकारियों और बैंक प्रतिनिधियों को निर्देश दिए कि प्राथमिकता वाली योजनाओं में पात्र लाभार्थियों के आवेदन अनावश्यक रूप से लंबित न रहें और बैंक स्तर पर प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। बैठक में सीडीओ प्रतिभा सिंह समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और बैंकों के जिला समन्वयक मौजूद रहे।





