तहकीकात TODAY
रिपोर्ट — मोहम्मद सुमेर / राजकुमार मीना
आगरा। थाना ताजगंज क्षेत्र स्थित चौपाटी में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां लगे जिप लाइनिंग झूले से गिरकर 15 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई बताया जा रहा है कि किशोर चौपाटी में लगे एडवेंचर झूले का आनंद लेने पहुंचा था। इसी दौरान जिप लाइनिंग झूले पर अचानक हादसा हो गया और किशोर नीचे गिर पड़ा। गंभीर हालत में उसे तत्काल उपचार के लिए ले जाने की कोशिश की गई, लेकिन उसकी मौत हो गई हादसे के बाद झूले का संचालन करने वाली कंपनी पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

लोगों का आरोप है कि सुरक्षा मानकों का सही तरीके से पालन नहीं किया जा रहा था। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और मौके पर मौजूद लोगों में भी आक्रोश दिखाई दिया सूचना मिलते ही एसीपी ताज सुरक्षा और थाना ताजगंज पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हादसा तकनीकी खराबी, लापरवाही या सुरक्षा इंतजामों में कमी के कारण हुआ। घटना के बाद चौपाटी में सुरक्षा व्यवस्था और एडवेंचर गतिविधियों के संचालन को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।





