तहकीकात TODAY
रिपोर्ट — फरहान खान
आगरा। थाना एत्माद्दौला क्षेत्र के सीतानगर में मंगलवार को सड़क पर एक अधेड़ व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सड़क पर शव पड़ा होने की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। बताया जा रहा है कि मृतक की उम्र करीब 55 वर्ष है। स्थानीय लोगों द्वारा घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद रामबाग चौकी प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मृतक की शिनाख्त कराने के प्रयास शुरू कर दिए हैं। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही शव की पहचान कराने का प्रयास कर रही है। अधेड़ की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की सही वजह सामने आने की बात कही जा रही है।





