तहकीकात TODAY
रिपोर्ट – फरहान खान/ अजेंद्र चौहान
आगरा। जनपद में बिजली चोरी रोकने और लाइन लॉस कम करने के लिए जिला प्रशासन एवं ऊर्जा विभाग की ओर से चलाए जा रहे विशेष सघन चेकिंग अभियान में लगातार कार्रवाई की जा रही है। जिलाधिकारी मनीष बंसल के निर्देशन में जिला प्रशासन और विद्युत निगम की संयुक्त प्रवर्तन टीमों द्वारा हाई लॉस वाले क्षेत्रों और फीडरों को चिन्हित कर औचक निरीक्षण किया जा रहा है।इसी क्रम में शनिवार को ग्राम बिल्हेनी, बिल्हेनी फीडर और उपकेंद्र कबीश चौराहा क्षेत्र में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान विद्युत चोरी के 10 मामले पकड़े गए। सभी के खिलाफ विद्युत चोरी की एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई की जा रही है। चेकिंग अभियान के दौरान सौरभ पुत्र शिवचरण, ओम प्रकाश पुत्र रामजीलाल, राजकुमार पुत्र मुकेश बाबू, गुलाब सिंह पुत्र देन सिंह, नवल सिंह पुत्र सूबेदार सिंह, दीपचंद्र पुत्र गेंदा लाल, नरगेश पुत्र नेमी चंद्र, भाव सिंह पुत्र आशाराम, सहदेव सिंह पुत्र गेंदालाल और नेमी चंद्र पुत्र गेंदालाल को विद्युत चोरी करते हुए पकड़ा गया। एसडीएम संतोष कुमार शुक्ला ने बताया कि पिछले 15 दिनों से चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत विभिन्न क्षेत्रों में छापेमारी कर अब तक 34 लोगों के खिलाफ विद्युत चोरी की एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई की जा चुकी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिजली चोरी के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। अभियान के दौरान अवैध कटिया डालकर बिजली चोरी करने, मीटर से छेड़छाड़ करने या मीटर को बाईपास कर विद्युत का उपयोग करने वालों के खिलाफ विद्युत अधिनियम-2003 की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी। चोरी पकड़े जाने पर कनेक्शन काटने के साथ संबंधित व्यक्ति के खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज कराया जाएगा और नियमानुसार जुर्माना भी लगाया जाएगा। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि केवल बिजली चोरी करने वालों पर ही नहीं, बल्कि लंबे समय से बिल जमा नहीं करने वाले बड़े बकायेदारों और विभिन्न तरीकों से बड़े पैमाने पर विद्युत चोरी करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला प्रशासन और विद्युत विभाग की संयुक्त प्रवर्तन टीमें गठित की गई हैं। तकनीकी टीमें उच्च हानि वाले क्षेत्रों और फीडरों को चिन्हित कर औचक निरीक्षण करेंगी। जिला प्रशासन की ओर से नागरिकों से बिजली चोरी की सटीक सूचना देने की अपील की गई है। सूचना देने वाले नागरिक की पहचान गोपनीय रखे जाने के साथ ही प्रोत्साहन राशि अथवा इनाम देने का भी प्रावधान किया गया है। जिला प्रशासन ने सभी उपभोक्ताओं से अपील की है कि वैध विद्युत कनेक्शन लेकर ही बिजली का उपयोग करें। अवैध कटिया, मीटर बाईपास या मीटर में छेड़छाड़ कर बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।





