आगरा की अर्थव्यवस्था ने भरी तेज रफ्तार जिला GDP 79,215 करोड़ से बढ़कर 88,064 करोड़ पहुंची

City/ STATE'S आगरा उत्तर प्रदेश

तहकीकात TODAY 

रिपोर्ट – फरहान खान/ फैजान उद्दीन 

आगरा। जनपद आगरा की अर्थव्यवस्था लगातार मजबूत हो रही है। वित्तीय वर्ष 2023-24 में जिले का जिला सकल घरेलू उत्पाद (GDP) 79,215 करोड़ रुपये था, जो वित्तीय वर्ष 2024-25 में बढ़कर 88,064 करोड़ रुपये पहुंच गया। इस दौरान जनपद की अर्थव्यवस्था में 11.2 प्रतिशत की वार्षिक वृद्धि दर्ज की गई। प्रदेश की अर्थव्यवस्था में आगरा की हिस्सेदारी भी 2.91 प्रतिशत रही है। जनपद की अर्थव्यवस्था को लेकर शनिवार को विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी ने जनपद की आर्थिक स्थिति से संबंधित आंकड़े प्रस्तुत किए। समीक्षा के दौरान बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2023-24 में आगरा की प्रति व्यक्ति आय 1,31,692 रुपये थी, जो वित्तीय वर्ष 2024-25 में बढ़कर 1,44,605 रुपये हो गई। यानी एक वर्ष में प्रति व्यक्ति आय में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

अधिकारियों ने बताया कि जिले की GDP में हुई वृद्धि और प्रदेश की अर्थव्यवस्था में 2.91 प्रतिशत हिस्सेदारी आगरा की आर्थिक गतिविधियों की मजबूती को दर्शाती है। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं और विकास कार्यों को प्रभावी ढंग से लागू करते हुए जिले की अर्थव्यवस्था को और गति देने के लिए विभागीय स्तर पर गंभीरता से कार्य किया जाए।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि मुख्यमंत्री के प्रदेश को वन ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य को पूरा करने में जनपद आगरा की सकारात्मक और मजबूत भूमिका सुनिश्चित की जाए। इसके लिए निर्धारित लक्ष्यों की नियमित समीक्षा करते हुए समय से उपलब्धियां हासिल करने पर विशेष जोर दिया गया। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभाग से जुड़ी आर्थिक गतिविधियों और लक्ष्यों की जानकारी साझा की। अधिकारियों को आर्थिक विकास से जुड़े कार्यों में तेजी लाने और शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *