तहकीकात TODAY
रिपोर्ट — राजकुमार मीना / मोनिस उद्दीन
आगरा। आगरा में कथित अवैध बिजली कनेक्शन मामले को लेकर बड़ा मामला सामने आया है। थाना न्यू आगरा पुलिस ने स्वामीबाग नगर पंचायत अध्यक्ष सतीश चौहान, सरदार सिंह समेत अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में टोरेंट पावर के कुछ अधिकारियों और कर्मचारियों पर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं।आरोप है कि फर्जी दस्तावेजों और नकली मोहरों का इस्तेमाल कर अवैध तरीके से विद्युत कनेक्शन जारी कराए गए। शिकायतकर्ता योगेश कुमार ने पुलिस को दी गई तहरीर में पूरे मामले का खुलासा करते हुए संबंधित लोगों पर कार्रवाई की मांग की थी। तहरीर के आधार पर थाना न्यू आगरा पुलिस ने विभिन्न धाराओ में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब दस्तावेजों की जांच, मोहरों की सत्यता और बिजली कनेक्शन जारी करने की प्रक्रिया की गहन पड़ताल कर रही है। सूत्रों के मुताबिक मामले में कई अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आ सकती है। पुलिस और संबंधित विभागीय अधिकारी पूरे प्रकरण की जांच में जुट गए हैं। इस मामले के सामने आने के बाद क्षेत्र में हड़कंप का माहौल है।





