तहकीकात TODAY
रिपोर्ट – फरहान खान/ मोनिस उद्दीन
आगरा। राज्य कर (GST) विभाग की शिकायत पर 2.23 करोड़ रुपये के बोगस इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) घोटाले में थाना लोहामंडी पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायत के अनुसार, रंजना गौतम पर कागजों में फर्जी फर्म बनाकर जीएसटी नियमों का उल्लंघन करते हुए धोखाधड़ी करने का आरोप है। आरोप है कि M/S Shiv Ganga Traders के माध्यम से करीब 2.23 करोड़ रुपये का बोगस ITC पास-ऑन किया गया।

राज्य कर विभाग की जांच में संबंधित फर्म घोषित पते पर अस्तित्वहीन पाई गई। वहीं, फर्म से जुड़ा बैंक खाता भी बंद मिला, जिससे पूरे मामले पर संदेह और गहरा गया। विभाग ने मामले में 100 प्रतिशत जुर्माना भी लगाया, लेकिन आरोप है कि न तो निर्धारित टैक्स जमा किया गया और न ही आदेश के खिलाफ कोई अपील दायर की गई। इन तथ्यों के आधार पर राज्य कर विभाग की शिकायत पर थाना लोहामंडी पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





