तहकीकात TODAY
रिपोर्ट — फरहान खान
आगरा। केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने के उद्देश्य से आगरा लोकसभा क्षेत्र में विशेष योजना प्रचार रथ यात्रा का शुभारंभ किया गया। होटल होली-डे-इन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान भाजपा का ध्वज फहराकर रथ को विभिन्न क्षेत्रों के लिए रवाना किया गया। इस पहल का उद्देश्य आयुष्मान कार्ड योजना, वृद्धावस्था पेंशन, दिव्यांग पेंशन, विधवा पेंशन और अन्य प्रमुख योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना है, ताकि पात्र लाभार्थी इनका लाभ उठा सकें। रथ यात्रा के माध्यम से गांव-गांव और वार्ड-वार्ड जाकर लोगों को जागरूक किया जाएगा।

रथ को आधुनिक तकनीक से सुसज्जित किया गया है, जिसमें ऑडियो-वीडियो के जरिए योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। साथ ही विशेषज्ञों की टीम मौके पर मौजूद रहकर लोगों की समस्याएं सुनेगी और योजनाओं के लिए आवेदन करने में सहायता भी प्रदान करेगी। दस्तावेजों की जांच और ऑन-द-स्पॉट पंजीकरण की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। यह रथ यात्रा आगामी दिनों में पूरे आगरा लोकसभा क्षेत्र में भ्रमण करेगी। आयोजकों का लक्ष्य अगले तीन माह में कम से कम 20 हजार लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। कार्यक्रम में कई गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे और इस पहल को जनहित में महत्वपूर्ण कदम बताया।





