तहकीकात TODAY
रिपोर्ट — फरहान खान/ मोहम्मद सुमेर
आगरा। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आगरा में आयोजित विजन इंडिया कार्यक्रम में शिरकत करने के बाद एक प्रेसवार्ता को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने राम मंदिर के दान पात्र में हुई चोरी से लेकर प्रदेश और केंद्र सरकार की कार्यशैली, कानून व्यवस्था, शिक्षा, स्वास्थ्य, ईवीएम और आगामी चुनावों तक कई मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखी। प्रेसवार्ता के दौरान अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि वर्तमान सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हो रही है और जनता अब बदलाव चाहती है।

राम मंदिर के दान पात्र में हुई चोरी के मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक घटना है। उन्होंने कहा कि अब स्थिति ऐसी हो गई है कि भगवान राम के मंदिर में चढ़ाए जाने वाले दान तक सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने इसे सनातन धर्म का अपमान बताते हुए कहा कि मंदिरों की व्यवस्थाएं अब अधिकारियों के भरोसे चल रही हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यदि मंदिरों में कैमरे और लाइटें बंद कर दी जाएं तो श्रद्धालु भगवान श्रीराम के प्रति अपनी आस्था स्वयं प्रकट करेंगे और किसी निगरानी की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।

प्रेसवार्ता के दौरान अखिलेश यादव ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी को सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग की जिम्मेदारी दिए जाने पर भी कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि इतने बड़े नेता को “सूक्ष्म” विभाग देकर भाजपा ने अपने नेताओं की स्थिति स्पष्ट कर दी है। वहीं प्रदेश में समय से पहले विधानसभा चुनाव कराए जाने की चर्चाओं पर उन्होंने कहा कि जो सरकार अभी तक पंचायत और प्रधानी के चुनाव समय पर नहीं करा पा रही है, वह विधानसभा चुनाव समय से पहले कराने की बात कैसे कर सकती है।

गाजीपुर में हुए कथित एनकाउंटर पर सवाल उठाते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि यह एक फेक एनकाउंटर है और वर्तमान सरकार फेक एनकाउंटर करने में माहिर हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे मामलों में विशेष वर्गों को निशाना बनाया जा रहा है। कानून व्यवस्था के नाम पर सरकार केवल प्रचार कर रही है, जबकि जमीनी हकीकत कुछ और है। पश्चिम बंगाल में ईवीएम रखे गए कमरे में आग लगने की घटना पर भी अखिलेश यादव ने भाजपा को घेरा। उन्होंने कहा कि ईवीएम को लेकर पहले से ही कई सवाल उठते रहे हैं और ऐसी घटनाएं लोगों के मन में और अधिक संदेह पैदा करती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा जनता का विश्वास खो चुकी है और इसी वजह से चुनावी प्रक्रिया को लेकर लगातार सवाल खड़े हो रहे हैं।

कांग्रेस द्वारा उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर तैयारी किए जाने के सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा कि अगर कांग्रेस 403 सीटों पर तैयारी कर रही है तो समाजवादी पार्टी भी सभी सीटों पर मजबूती से तैयारी कर रही है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हर दल को चुनाव लड़ने और अपनी तैयारी करने का अधिकार है। इससे मुकाबला और मजबूत होगा तथा जनता के सामने बेहतर विकल्प आएंगे।

भाजपा की राजनीति पर हमला बोलते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा हमेशा नकारात्मक राजनीति करती है और लोगों को असली मुद्दों से भटकाने का काम करती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और किसानों की समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन सरकार इन मुद्दों पर ध्यान देने के बजाय केवल प्रचार में लगी हुई है। शिक्षा व्यवस्था को लेकर उन्होंने दावा किया कि आगरा में अब तक करीब 500 प्राथमिक विद्यालय बंद किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षा के क्षेत्र को मजबूत करने के बजाय कमजोर कर रही है, जिसका खामियाजा गरीब और ग्रामीण परिवारों के बच्चों को भुगतना पड़ रहा है।

इस दौरान अखिलेश यादव ने PDA को नया अर्थ देते हुए कहा कि PDA का मतलब प्रेम, दया और अपनापन है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने और सामाजिक सौहार्द को मजबूत करने की राजनीति करती है।

स्वास्थ्य सेवाओं के मुद्दे पर बोलते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि आगरा मेडिकल कॉलेज प्रदेश के सबसे पुराने मेडिकल कॉलेजों में शामिल है और इसकी अपनी ऐतिहासिक पहचान है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि यदि समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक मजबूत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिस तरह नेताजी मुलायम सिंह यादव ने सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी की स्थापना कर स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़ा योगदान दिया था, उसी तरह प्रदेशभर में चिकित्सा सुविधाओं को बेहतर बनाने का काम किया जाएगा। प्रेसवार्ता के दौरान अखिलेश यादव ने केंद्र और प्रदेश सरकार की नीतियों पर लगातार सवाल उठाते हुए दावा किया कि जनता अब बदलाव चाहती है और आने वाले समय में इसका असर राजनीतिक तस्वीर पर भी दिखाई देगा।





