तहकीकात TODAY
रिपोर्ट – फरहान खान/ राजकुमार मीना
आगरा। ट्रांस यमुना क्षेत्र में पशु क्रूरता का एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है। आरोप है कि एक पालतू कुत्ते को बोरे में बंद कर तीसरी मंजिल से नीचे फेंक दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना में कुत्ते के दोनों पैरों और कमर की हड्डी में फ्रैक्चर हो गया। घायल कुत्ते को तत्काल पशु चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। पीड़ित ने अपने पड़ोसी सुनील पर इस क्रूर कृत्य का आरोप लगाया है। सूचना मिलते ही डायल-112 और थाना ट्रांस यमुना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है और मामले की जांच कर रही है। घटना से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों ने आरोपी के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।





