12 साल सेवा, सुशासन और विकास के नाम, आगरा में गिनाईं मोदी सरकार की उपलब्धियां

City/ STATE'S NATIONAL POLITICS आगरा उत्तर प्रदेश बीजेपी भाजपा भारतीय जनता पार्टी स्थानीय समाचार

तहकीकात TODAY 

रिपोर्ट — फरहान खान / मुहम्मद सुमेर 

आगरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में रविवार को आगरा सर्किट हाउस में एक विशेष मीडिया संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) विभाग के मंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री भूपेंद्र चौधरी ने की। इस दौरान केंद्रीय मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल, विधान परिषद सदस्य विजय शिवहरे, विधायक डॉ. जी.एस. धर्मेश, डॉ. धर्मपाल सिंह, भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता सहित कई जनप्रतिनिधि एवं भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे।

मीडिया संवाद के दौरान प्रभारी मंत्री भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्ष सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और राष्ट्र निर्माण को समर्पित रहे हैं। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र को धरातल पर उतारते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने का कार्य किया है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला योजना, हर घर जल, स्वच्छ भारत मिशन, डिजिटल इंडिया और आत्मनिर्भर भारत जैसे कार्यक्रमों ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। सरकार की योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के सीधे पात्र लोगों तक पहुंचा है।

भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री जनधन योजना के माध्यम से करोड़ों लोगों को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ा गया, जबकि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के जरिए सरकारी सहायता सीधे लाभार्थियों के खातों में पहुंची। इससे भ्रष्टाचार पर अंकुश लगा और सरकारी धन की बचत हुई। उन्होंने दावा किया कि बीते वर्षों में करोड़ों लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं और देश आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ा है। प्रदेश सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था मजबूत हुई है। एक्सप्रेस-वे, एयरपोर्ट, मेडिकल कॉलेज, औद्योगिक निवेश और महिला सुरक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं। आज उत्तर प्रदेश देश के विकास मॉडल के रूप में स्थापित हो रहा है।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश में सड़क, रेल, हवाई और डिजिटल कनेक्टिविटी के क्षेत्र में अभूतपूर्व विस्तार हुआ है। राष्ट्रीय राजमार्गों का जाल तेजी से बढ़ा है, रेलवे का आधुनिकीकरण हुआ है, वंदे भारत ट्रेनों ने नई पहचान बनाई है और मेट्रो नेटवर्क का विस्तार कई शहरों तक पहुंचा है। वहीं, भारतनेट परियोजना के माध्यम से गांवों को भी हाईस्पीड इंटरनेट से जोड़ा गया है। उन्होंने कहा कि किसानों के लिए पीएम किसान सम्मान निधि, किसान क्रेडिट कार्ड और सिंचाई योजनाओं ने खेती को मजबूत आधार दिया है। महिलाओं के लिए उज्ज्वला योजना, लखपति दीदी योजना और सुकन्या समृद्धि योजना जैसे कार्यक्रम संचालित किए गए हैं। वहीं युवाओं के लिए रोजगार, स्वरोजगार और कौशल विकास के अवसर बढ़ाए गए हैं। सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का उल्लेख करते हुए मंत्री ने कहा कि अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण, काशी विश्वनाथ धाम, महाकाल लोक, स्टैच्यू ऑफ यूनिटी और नए संसद भवन जैसे कार्यों ने देश के गौरव को नई पहचान दी है। भारत आज वैश्विक मंच पर मजबूत और निर्णायक भूमिका निभा रहा है तथा जी-20 की सफल अध्यक्षता इसका प्रमाण है। मीडिया संवाद के दौरान मंत्री ने पत्रकारों के विभिन्न प्रश्नों का उत्तर देते हुए सरकार की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं और भविष्य की विकास योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के 12 वर्ष केवल आंकड़ों की उपलब्धि नहीं, बल्कि विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की दिशा में ऐतिहासिक यात्रा के प्रतीक हैं। कार्यक्रम में भाजपा के महेश शर्मा, मनवीर चौहान, मीडिया प्रभारी रोहित कत्याल, डॉ. निधि शर्मा, के.के. सिकरवार, हरिओम रावत, मुकेश चाहर, मनीष थापक सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *