रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शमसाबाद में महाराणा प्रताप की प्रतिमा का किया भव्य अनावरण

City/ STATE'S Cover Story Exclusive NATIONAL POLITICS आगरा उत्तर प्रदेश धर्म/ आध्‍यात्‍म/ संस्‍कृति पुलिस प्रशासन प्रदेश सरकार बीजेपी भाजपा भारतीय जनता पार्टी स्थानीय समाचार

तहकीकात TODAY 

रिपोर्ट — फरहान खान / जाहिद सलमानी 

आगरा। भारत सरकार के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को आगरा के शमसाबाद कस्बे में वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की प्रतिमा का भव्य अनावरण किया। इस अवसर पर आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने महाराणा प्रताप के संघर्ष, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति को देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बताया। साथ ही केंद्र सरकार की उपलब्धियों, राष्ट्रीय सुरक्षा, आतंकवाद, किसानों, विकास और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की बढ़ती वैश्विक प्रतिष्ठा पर भी विस्तार से चर्चा की।

रक्षा मंत्री के आगरा स्थित खेरिया एयरफोर्स स्टेशन पहुंचने पर जनप्रतिनिधियों और भाजपा नेताओं ने पुष्पगुच्छ एवं पटका पहनाकर उनका जोरदार स्वागत किया। इसके बाद वे सीधे शमसाबाद पहुंचे, जहां उन्होंने वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की प्रतिमा का अनावरण किया। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर पूर्व विधायक राजेंद्र सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया तथा अन्य गणमान्य लोगों ने उन्हें स्मृति चिन्ह, मोमेंटो और गदा भेंट कर सम्मानित किया।

जनसभा को संबोधित करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि लंबे समय बाद शमसाबाद आने का अवसर मिला है और यहां के लोगों के प्रेम एवं स्नेह से वे अभिभूत हैं। उन्होंने जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया की वक्तृत्व कला की सराहना करते हुए कहा कि ईश्वर ने उन्हें जन्मजात अपनी बात प्रभावशाली ढंग से रखने की क्षमता प्रदान की है।

अपने संबोधन में रक्षा मंत्री ने कहा कि महाराणा प्रताप भारत के इतिहास में अद्वितीय संघर्ष और स्वाभिमान के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप चाहते तो अकबर से समझौता कर राजसी सुख-सुविधाओं का जीवन जी सकते थे, लेकिन उन्होंने राष्ट्र और स्वाभिमान की रक्षा के लिए कठिन जीवन को चुना। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप ने कभी अपने मान-सम्मान और मूल्यों से समझौता नहीं किया और यही कारण है कि आज भी देश की माताएं अपने बच्चों को उनकी वीरता की कहानियां सुनाती हैं।

राजनाथ सिंह ने कहा कि आजादी और आत्मसम्मान की कोई कीमत नहीं होती और इन्हीं मूल्यों को लेकर केंद्र सरकार पिछले 12 वर्षों से देश के गौरव को बढ़ाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि आज अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की आवाज को पूरा विश्व गंभीरता से सुनता है, जबकि पहले ऐसा नहीं था। उन्होंने आतंकवाद और राष्ट्रीय सुरक्षा का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2014 से पहले देश में लगातार आतंकवादी घटनाएं होती थीं, लेकिन आज भारत आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई करने में सक्षम है। उन्होंने “ऑपरेशन सिंदूर” और पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद के खिलाफ सरकार की सख्त नीति का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सिंधु जल संधि को निलंबित कर स्पष्ट संदेश दिया है कि भारत का पानी अब पाकिस्तान नहीं जाएगा।

रक्षा मंत्री ने नक्सलवाद के खिलाफ चलाए गए अभियान को भी सरकार की बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि एक समय ऐसा था जब देश के बड़े हिस्से में नक्सलवाद का आतंक था, लेकिन अब स्थिति तेजी से बदल रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल सरकार बनाने के लिए नहीं बल्कि देश बनाने के लिए राजनीति करती है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार जाति और धर्म के आधार पर भेदभाव नहीं करती। आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन और अन्य कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सभी वर्गों को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार तुष्टिकरण की राजनीति नहीं बल्कि इंसाफ और इंसानियत की राजनीति करती है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता का उल्लेख करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि विश्व के 32 देशों द्वारा मोदी को सर्वोच्च सम्मान प्रदान किया जाना केवल एक व्यक्ति का नहीं बल्कि 140 करोड़ भारतीयों का सम्मान है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने अपने चुनावी वादों को पूरा करते हुए जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाई और अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर का निर्माण कराया। किसानों के हितों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के माध्यम से करोड़ों किसानों को सीधा लाभ पहुंचाया जा रहा है। वहीं उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में गन्ना किसानों को रिकॉर्ड भुगतान किया गया है। उन्होंने कहा कि आज दुनिया की बड़ी-बड़ी कंपनियां भारत में निवेश कर रही हैं और भारत वैश्विक अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण केंद्र बन रहा है।

रक्षा मंत्री ने कहा कि किसी भी राज्य के विकास की पहली शर्त मजबूत कानून व्यवस्था होती है और उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इसी दिशा में प्रभावी कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार देश के हर जिले के विशेष उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए कार्य कर रही है, जिससे स्थानीय उद्योगों और रोजगार को बढ़ावा मिल रहा है। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, सांसद राजकुमार चाहर, राज्यसभा सदस्य नवीन जैन, मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, बेबी रानी मौर्य, धर्मवीर प्रजापति, विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह, डॉ. जी.एस. धर्मेश, पुरुषोत्तम खंडेलवाल, छोटे लाल वर्मा, भगवान सिंह कुशवाह, एमएलसी विजय शिवहरे, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत पौनिया, महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता सहित जिले के अनेक जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *