तहकीकात TODAY
रिपोर्ट – फरहान खान/ जाहिद सलमानी
आगरा। भारतीय जनता पार्टी महानगर आगरा ने सोशल मीडिया पर वायरल किए जा रहे कथित मारपीट के वीडियो को भ्रामक और फर्जी बताते हुए इसे प्रसारित करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पार्टी की ओर से कहा गया है कि ऐसे असामाजिक और दुष्प्रचार फैलाने वाले तत्वों को बख्शा नहीं जाएगा। भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता के नेतृत्व में कथित फर्जी वीडियो को सोशल मीडिया पर प्रसारित करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध साइबर क्राइम थाना में विधिवत अभियोग दर्ज कराया गया है।

भाजपा का कहना है कि पार्टी झूठ, भ्रम और दुष्प्रचार की राजनीति को कभी स्वीकार नहीं करती। पार्टी के अनुसार, मामले में पुलिस से दोषियों के खिलाफ विधिसम्मत एवं कड़ी कार्रवाई की अपेक्षा की गई है। पार्टी ने अपने बयान में कहा कि “सत्य की विजय निश्चित है” और सोशल मीडिया पर भ्रामक सामग्री प्रसारित करने वालों के विरुद्ध कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।हालांकि, वायरल वीडियो और उससे जुड़े दावों की स्वतंत्र आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है। मामले की जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।





