आगरा के कचहरी घाट में युवक की हत्या, पुलिस ने दो को लिया हिरासत में

City/ STATE'S CRIME आगरा उत्तर प्रदेश स्थानीय समाचार

भाई के विवाद में समझौता कराने पहुंचे हर्ष जैन की मौत, पुलिस जांच में जुटी

तहकीकात TODAY 

रिपोर्ट — मोहम्मद सुमेर / मोनिस उद्दीन 

आगरा। आगरा के कचहरी घाट इलाके में रविवार रात एक युवक की मौत के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान पत्तल गली निवासी हर्ष जैन के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि भाई के विवाद में समझौता कराने पहुंचे हर्ष के साथ मारपीट की गई, जिसमें गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले में दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार हर्ष जैन के भाई का कुछ लोगों से विवाद हुआ था। इसी मामले में बातचीत और समझौते के लिए हर्ष मौके पर पहुंचा था। आरोप है कि वहां कहासुनी के बाद विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मारपीट के दौरान हर्ष गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे बचाने की कोशिश की गई, लेकिन मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही छत्ता थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वारदात के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला आपसी विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद मृतक के परिवार में शोक का माहौल है। परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *