लोकेशन — आगरा
रिपोर्ट — फरहान खान / जाहिद सलमानी
आगरा। जनगणना-2027 की तैयारियों के तहत आगरा पुलिस प्रशासन ने स्व-गणना (Self Enumeration) प्रक्रिया की शुरुआत कर दी है। इसी क्रम में पुलिस लाइन, आगरा में पुलिस आयुक्त आगरा के नेतृत्व में अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी की गई। कार्यक्रम के दौरान जनगणना से संबंधित आवश्यक जानकारियां ऑनलाइन माध्यम से दर्ज की गईं। पुलिस प्रशासन की ओर से बताया गया कि भारत सरकार द्वारा जनगणना-2027 के अंतर्गत नागरिकों को स्वयं अपनी जानकारी दर्ज करने की सुविधा दी जा रही है, जिससे प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, सरल और तेज बनाई जा सके।

इसी उद्देश्य से पुलिस विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को भी स्व-गणना प्रक्रिया के प्रति जागरूक किया गया। पुलिस आयुक्त ने कहा कि जनगणना देश की महत्वपूर्ण प्रशासनिक प्रक्रिया है, जिसके आधार पर भविष्य की कई योजनाएं और नीतियां तय होती हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे जनगणना कार्य में बढ़-चढ़कर सहयोग करें और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सही जानकारी उपलब्ध कराएं। इस दौरान पुलिस लाइन परिसर में मौजूद अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने ऑनलाइन माध्यम से Self Enumeration प्रक्रिया को पूरा किया। कार्यक्रम में पुलिस प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।





