आगरा पुलिस कमिश्नरेट में सेवानिवृत्त अधिकारियों का सम्मान समारोह आयोजित

City/ STATE'S आगरा उत्तर प्रदेश

तहकीकात TODAY 

रिपोर्ट – फरहान खान/ मोनिस उद्दीन 

आगरा। पुलिस कमिश्नरेट आगरा में अधिवर्षता आयु पूर्ण कर सेवानिवृत्त होने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के सम्मान में शुक्रवार को पुलिस लाइन्स स्थित शहीद प्रशान्त मेमोरियल सभागार में गरिमामयी एवं भावुक विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में 2 निरीक्षक, 9 उपनिरीक्षक, 3 मुख्य आरक्षी और 1 उर्दू अनुवादक सह प्रधान सहायक को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।

समारोह में अपर पुलिस आयुक्त सचिन्द्र पटेल, पुलिस उपायुक्त मुख्यालय अतुल शर्मा तथा सहायक पुलिस आयुक्त सदर/लाइन रामप्रवेश गुप्ता ने सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों को माला पहनाकर, शॉल ओढ़ाकर, स्मृति चिन्ह, उपहार एवं प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया। अधिकारियों ने पुलिस सेवा में उनके समर्पण, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और उत्कृष्ट योगदान की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम उस समय भावुक हो गया जब सेवानिवृत्त अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपने सेवाकाल के अनुभव साझा किए। परिजनों और सहकर्मियों ने भी वर्षों की यादों को ताजा करते हुए उनके योगदान को याद किया।

इस अवसर पर वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि पुलिस सेवा केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति समर्पित दायित्व है। उन्होंने सेवानिवृत्त कर्मियों से अपने अनुभवों का समाजहित में उपयोग करने तथा साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल और डिजिटल फ्रॉड के प्रति स्वयं जागरूक रहने के साथ-साथ आमजन को भी जागरूक करने की अपील की।

समारोह के अंत में सभी सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के स्वस्थ, सुखद एवं मंगलमय जीवन की कामना करते हुए उन्हें भावभीनी विदाई दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *