तहकीकात TODAY
रिपोर्ट – फरहान खान/ जाहिद सलमानी
धनबाद। निरसा थाना क्षेत्र के तेतुलिया स्थित जामिया उम्मे हानी लिल बनात में आयोजित अभिभावक सम्मेलन में छात्राओं की शिक्षा, अनुशासन और संस्थान के विकास को लेकर व्यापक चर्चा की गई। सम्मेलन की अध्यक्षता जामिया के मोहतमिम कारी मोहम्मद समीउल्लाह ने की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावकों, संरक्षकों और क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने भाग लेकर छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए सहयोग का संकल्प लिया। सम्मेलन में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नियमित उपस्थिति, समय पर शुल्क जमा करने, अनुशासन बनाए रखने, नैतिक एवं धार्मिक शिक्षा को और सुदृढ़ करने तथा अभिभावकों और जामिया के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। उपस्थित अभिभावकों ने सभी प्रस्तावों का सर्वसम्मति से समर्थन किया। बैठक के दौरान बिजली की अनियमित आपूर्ति को देखते हुए जामिया परिसर में सोलर सिस्टम स्थापित करने का प्रस्ताव रखा गया। इस पहल का अभिभावकों और समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक समर्थन किया और मौके पर ही ₹1.22 लाख की सहयोग राशि एकत्र कर सोलर सिस्टम की स्थापना के लिए समर्पित कर दी। सभी ने भविष्य में भी संस्थान और छात्राओं की शिक्षा के लिए हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया।

सम्मेलन में मुफ्ती मोहम्मद इकराम, मौलाना मोहम्मद ज़ियाउद्दीन, मौलाना मोहम्मद मुहियुद्दीन, मौलाना मोहम्मद जमील, कारी इरफ़ान और कारी अताउल्लाह सहित कई धार्मिक विद्वान उपस्थित रहे। वहीं शिक्षिकाओं और शिक्षकों ने भी बैठक में सक्रिय भागीदारी निभाई।
कार्यक्रम का समापन जामिया की निरंतर प्रगति, छात्राओं की शैक्षणिक सफलता तथा देश में अमन, भाईचारे और मानव कल्याण की दुआ के साथ हुआ। सम्मेलन में जुटी सहयोग राशि को संस्थान के प्रति समाज के विश्वास और छात्राओं की शिक्षा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का महत्वपूर्ण उदाहरण बताया गया।





