‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत आगरा मेट्रो सुरक्षा कर्मियों ने निकाली भव्य तिरंगा यात्रा

City/ STATE'S अभियान आगरा उत्तर प्रदेश मेट्रो

तहकीकात TODAY 

रिपोर्ट – फरहान खान/ इस्तिकार खान

आगरा। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 9 अगस्त से 17 अगस्त तक आयोजित किए जा रहे ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ के तहत शुक्रवार को आगरा मेट्रो सुरक्षा में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों ने भव्य तिरंगा यात्रा निकालकर देशभक्ति का संदेश दिया। यात्रा में कुल 90 अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे।

निरीक्षक सुशान्त गौर एवं निरीक्षक राजीव कुमार यादव के नेतृत्व में निकाली गई तिरंगा यात्रा का शुभारंभ आगरा मेट्रो के ताजमहल मेट्रो स्टेशन से हुआ। हाथों में तिरंगा लेकर निकले सुरक्षा कर्मियों ने शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए लोगों में राष्ट्रभक्ति की भावना जागृत की।

तिरंगा यात्रा ताजमहल मेट्रो स्टेशन से शुरू होकर सर्किट हाउस, फूल सैय्यद चौराहा, मॉल रोड, बाबू जगजीवन राम पार्क, पुलिस मॉडर्न स्कूल, 15वीं वाहिनी पीएसी आगरा, शहीद मुख्य आरक्षी लाला राम लाइन मार्ग, परियोजना निदेशक कार्यालय आगरा मेट्रो होते हुए पुरानी मंडी चौराहा पहुंची। इसके बाद यात्रा पुनः ताजमहल मेट्रो स्टेशन पहुंची, जहां इसका सकुशल समापन हुआ। यात्रा में आगरा मेट्रो सुरक्षा में नियुक्त 8 उपनिरीक्षक, 15 मुख्य आरक्षी/महिला मुख्य आरक्षी तथा 65 आरक्षी/महिला आरक्षी, कुल 90 अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे।

यात्रा के दौरान स्कूली बच्चों, राहगीरों और स्थानीय नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की। तिरंगा यात्रा के दौरान भारत माता के अमर शहीदों को नमन करते हुए देशभक्ति के नारे लगाए गए। पूरे मार्ग पर राष्ट्रभक्ति का माहौल देखने को मिला। आगरा मेट्रो सुरक्षा कर्मियों की इस तिरंगा यात्रा का उद्देश्य स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों के बलिदान को याद करना और नागरिकों में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान एवं देशभक्ति की भावना को और मजबूत करना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *