तहकीकात TODAY
रिपोर्ट — फरहान खान
आगरा। अछनेरा थाना क्षेत्र के गांव सहाई में धर्मवीर की हत्या के मामले का पुलिस ने महज 24 घंटे में खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में मृतक के भतीजे दुष्यंत समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, धर्मवीर ने कुछ दिन पहले करीब तीन बीघा जमीन बेची थी और जमीन से मिले करोड़ों रुपये को लेकर चाचा-भतीजे के बीच विवाद चल रहा था। पुलिस के अनुसार, जमीन की बिक्री से मिले पैसों को लेकर धर्मवीर और उसके भतीजे दुष्यंत के बीच विवाद बढ़ गया था। बताया जा रहा है कि वारदात से कुछ दिन पहले भी दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। आरोप है कि इसी विवाद के चलते दुष्यंत ने अपने दोस्त शिवम और एक अन्य साथी के साथ मिलकर धर्मवीर की हत्या की साजिश रची।

पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने घर के आंगन में धर्मवीर के सिर पर सिलबट्टे से वार किए, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। हत्या के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज करते हुए संदिग्धों से पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान सामने आए तथ्यों और पूछताछ के आधार पर दुष्यंत, शिवम और उनके एक अन्य साथी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में हत्या के पीछे जमीन की बिक्री से जुड़े पैसों का विवाद सामने आया है। फिलहाल पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, घटनाक्रम से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।





