मेट्रो की सवारी कर बच्चों ने जानी आधुनिक सुविधाएं

Uncategorized

तहकीकात TODAY 

रिपोर्ट — फरहान खान 

आगरा। आर्यावर्त इंटरनेशनल स्कूल, आगरा के छात्र-छात्राओं ने आगरा मेट्रो में यात्रा कर आधुनिक सार्वजनिक परिवहन की सुविधाओं और तकनीक को करीब से जाना। मेट्रो राइड के दौरान आगरा मेट्रो की टीम ने बच्चों को मेट्रो के संचालन, यात्रियों की सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था और पर्यावरण संरक्षण में मेट्रो की भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

आगरा मेट्रो टीम ने छात्र-छात्राओं को बताया कि मेट्रो एक ईको-फ्रेंडली और ग्रीन इनिशिएटिव है। मास रैपिड ट्रांजिट सिस्टम के रूप में मेट्रो लोगों को सार्वजनिक परिवहन का सुविधाजनक विकल्प उपलब्ध कराती है। बच्चों को समझाया गया कि मेट्रो का अधिक से अधिक इस्तेमाल करने से सड़क यातायात का दबाव कम करने के साथ-साथ प्रदूषण और कार्बन उत्सर्जन को कम करने में भी मदद मिलती है।

मेट्रो यात्रा के दौरान बच्चों को यह भी बताया गया कि यात्री किस तरह टिकट लेकर मेट्रो में प्रवेश कर सकते हैं और यात्रा के दौरान किन नियमों का पालन करना चाहिए। टीम ने बताया कि शहरवासी मेट्रो का इस्तेमाल कर ट्रैफिक जाम, धूल और सड़क पर होने वाली परेशानियों से बचते हुए अपनी यात्रा को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक बना सकते हैं।

दिव्यांग एवं वरिष्ठ यात्रियों के लिए सुविधाओं की दी जानकारी

आगरा मेट्रो टीम ने बच्चों को स्टेशन और ट्रेन में उपलब्ध यात्री सुविधाओं के बारे में भी जानकारी दी। इस दौरान रैंप, एस्केलेटर, लिफ्ट, टैक्टाइल पाथ, पैसेंजर डिस्प्ले सिस्टम तथा ब्रेल लिपि जैसी सुविधाओं के बारे में बताया गया। बच्चों ने मेट्रो स्टेशन और ट्रेन में मौजूद इन सुविधाओं को उत्सुकता के साथ देखा और उनके काम करने के तरीके को समझा।

चलती मेट्रो में बर्थडे मनाने की जानकारी से उत्साहित हुए बच्चे

मेट्रो राइड के दौरान बच्चों के लिए सबसे खास जानकारी मेट्रो ट्रेन में जन्मदिन, सालगिरह और किटी पार्टी जैसे आयोजनों के लिए बुकिंग सुविधा को लेकर रही। इस सुविधा के बारे में जानकारी मिलने के बाद छात्र-छात्राएं काफी उत्साहित नजर आए। कई बच्चों ने भविष्य में मेट्रो के अंदर अपना जन्मदिन मनाने की इच्छा भी जाहिर की। इस अवसर पर आर्यावर्त इंटरनेशनल स्कूल की फाउंडर एवं प्रबंध निदेशक आकांक्षा गोयल और मोहित गोयल मौजूद रहे। उन्होंने बच्चों के लिए आयोजित मेट्रो राइड की सराहना की और आगरा मेट्रो की ओर से उपलब्ध कराई गई जानकारी एवं सुविधाओं को लेकर अपना अप्रिशिएशन नोट भी लिखा।

 

शहर के प्रमुख स्थानों को जोड़ता है मेट्रो नेटवर्क

आगरा मेट्रो का रूट शहर के महत्वपूर्ण शिक्षण संस्थानों, प्रमुख रेलवे स्टेशनों, बस टर्मिनल, अस्पतालों, कार्यस्थलों और बाजारों को जोड़ता है। मेट्रो सेवा के माध्यम से शहरवासियों को सार्वजनिक परिवहन का आधुनिक और सुविधाजनक विकल्प मिल रहा है। इससे सड़क यातायात के दबाव और बढ़ते कार्बन फुटप्रिंट को कम करने में भी मदद मिलती है। वर्तमान में आगरा मेट्रो रेल परियोजना के प्रथम कॉरिडोर के प्रायोरिटी सेक्शन में मेट्रो का संचालन किया जा रहा है। वहीं प्रथम कॉरिडोर के शेष हिस्से में भी मेट्रो संचालन शुरू करने की दिशा में कार्य जारी है। आर्यावर्त इंटरनेशनल स्कूल के बच्चों की यह मेट्रो यात्रा उनके लिए मनोरंजन के साथ-साथ शैक्षिक अनुभव भी साबित हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *