तहकीकात TODAY
रिपोर्ट — जाहिद सलमानी
आगरा ! सोमवार शाम एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया, जहां यमुना नदी में नहाने गए दो किशोर गहरे पानी में डूब गए। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर चीख-पुकार का माहौल बन गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

जानकारी के अनुसार, दोनों किशोर बलकेश्वर क्षेत्र के लाल मस्जिद निवासी बताए जा रहे हैं। सोमवार शाम करीब 6 बजे वे यमुना नदी में नहाने के लिए पहुंचे थे। नहाते समय अचानक वे गहरे पानी की ओर चले गए, जिससे संतुलन बिगड़ गया और देखते ही देखते दोनों नदी में डूबकर लापता हो गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने शोर मचाया, जिसके बाद पुलिस को जानकारी दी गई। सूचना पाकर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और बिना देर किए सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया। गोताखोरों की टीम को भी बुलाया गया, जो नदी में लगातार दोनों किशोरों की तलाश में जुटी हुई है।

मौके पर कमला नगर, एत्मादौला और छत्ता थानों का भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है, ताकि सर्च अभियान में किसी तरह की कोई बाधा न आए। पुलिस द्वारा आसपास के क्षेत्रों में भी नजर रखी जा रही है और हर संभावित स्थान पर तलाश की जा रही है। यह पूरी घटना एत्मादौला थाना क्षेत्र के अंतर्गत जवाहर पुल के नीचे की बताई जा रही है। हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम का माहौल है। परिजन बदहवास हालत में मौके पर मौजूद हैं और अपने बच्चों के सकुशल मिलने की उम्मीद में लगातार दुआएं कर रहे हैं।

प्रशासन द्वारा सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है और देर रात तक भी अभियान चलाए जाने की संभावना जताई जा रही है।





