तहकीकात TODAY
रिपोर्ट – फरहान खान/ मोहम्मद सुमेर
आगरा। ताजमहल घूमने आई गुजरात के अहमदाबाद निवासी एक पर्यटक परिवार की 17 वर्षीय बेटी उमस भरी गर्मी के कारण अचानक बेहोश हो गई। ताज सुरक्षा पुलिस की त्वरित कार्रवाई और समय पर मिले उपचार से किशोरी की हालत में सुधार हुआ, जिसके बाद परिवार ने आगरा पुलिस का आभार जताया।

जानकारी के अनुसार, अहमदाबाद निवासी रमेश विश्वकर्मा अपने परिवार के साथ ताजमहल घूमने आए थे। ताजमहल का भ्रमण करने के बाद दोपहर करीब 2 बजे उनकी 17 वर्षीय पुत्री खुशी, जो अपनी मां संगीता और मामा मनोज विश्वकर्मा के साथ थी, पश्चिमी गेट से बाहर निकलते समय उमस भरी गर्मी के कारण घबराहट और चक्कर आने के बाद बेहोश होकर गिर पड़ी।

घटना की सूचना मिलते ही पश्चिमी गेट पर तैनात ताज सुरक्षा पुलिस की क्विक रिस्पांस टीम के प्रभारी उप निरीक्षक शिवराज सिंह ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पर्यटक सुविधा केंद्र से एम्बुलेंस, चालक भूरे सिंह और डॉ. रिंकू बघेल को मौके पर बुलाया। टीम ने तुरंत प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया।

कुछ देर आराम और उपचार के बाद किशोरी की तबीयत में सुधार हो गया। इसके बाद पर्यटक परिवार सुरक्षित अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गया। परिवार ने ताज सुरक्षा पुलिस की संवेदनशीलता, तत्परता और समय पर मिली सहायता के लिए आगरा पुलिस का धन्यवाद व्यक्त किया।इस सराहनीय कार्य में उप निरीक्षक शिवराज सिंह, उप निरीक्षक आशना बी, मुख्य आरक्षी विजय प्रताप यादव, महिला आरक्षी गुड्डी देवी तथा आरक्षी दुर्गेश कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।





