मथुरा जंक्शन के खोया-पाया केंद्र ने बिछड़े मासूम और महिला को परिवार से मिलाया

City/ STATE'S आरपीएफ उत्तर प्रदेश रेलवे

तहकीकात TODAY 

रिपोर्ट – फरहान खान/ जाहिद सलमानी 

मथुरा। गुरु पूर्णिमा एवं गोवर्धन परिक्रमा मेला-2026 के दौरान मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशन पर उत्तर मध्य रेलवे द्वारा संचालित खोया-पाया केंद्र और हेल्प डेस्क श्रद्धालुओं के लिए बड़ी राहत साबित हो रहे हैं। मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल के मार्गदर्शन में भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के स्वयंसेवक 24 घंटे सेवा भाव से यात्रियों की सहायता में जुटे हैं।

इसी क्रम में सोमवार तड़के करीब दो वर्ष का एक मासूम बालक प्लेटफॉर्म पर अकेला घूमता हुआ मिला। स्काउट्स एवं गाइड्स के स्वयंसेवकों ने तत्काल बच्चे को सुरक्षित संरक्षण में लेकर खोया-पाया केंद्र के माध्यम से उद्घोषणा कराई। उद्घोषणा सुनकर सागर (मध्य प्रदेश) से मेला दर्शन के लिए आए उसके परिजन केंद्र पर पहुंचे। आवश्यक पहचान और सत्यापन के बाद रेल सुरक्षा बल (RPF) की मौजूदगी में बच्चे को सकुशल उसके परिवार के सुपुर्द कर दिया गया। वहीं, महेंदी, निवासी मुरादनगर, रेवाड़ी, भी मेले के दौरान अपने परिजनों से बिछड़ गई थीं। खोया-पाया केंद्र द्वारा लगातार उद्घोषणाएं किए जाने के बाद उनके परिजन केंद्र पर पहुंचे और उन्हें सुरक्षित परिवार से मिलवा दिया गया।

उत्तर मध्य रेलवे ने बताया कि मेला अवधि में संचालित खोया-पाया केंद्र एवं हेल्प डेस्क के माध्यम से यात्रियों को त्वरित सहायता, मार्गदर्शन और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है। वाणिज्य विभाग, रेल सुरक्षा बल तथा भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के समन्वित प्रयासों से श्रद्धालुओं की यात्रा को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक बनाने के लिए लगातार सेवाएं दी जा रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *