मानसून से पहले नालों की सफाई और गड्ढामुक्त सड़कों के दिए निर्देश
तहकीकात TODAY
रिपोर्ट — फरहान खान / राजकुमार मीना
आगरा। उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह शुक्रवार को आगरा पहुंचे, जहां उन्होंने सर्किट हाउस में जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। बैठक शहर के विकास कार्यों, पर्यटन परियोजनाओं, स्वास्थ्य सेवाओं और मानसून पूर्व तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि बारिश से पहले शहर के सभी नालों की सफाई हर हाल में पूरी कराई जाए, ताकि जलभराव जैसी समस्या से आम जनता को राहत मिल सके। बैठक के दौरान मंत्री जयवीर सिंह ने शहर की सड़कों की बदहाल स्थिति पर भी चिंता जताई और अधिकारियों को जल्द से जल्द गड्ढामुक्त सड़कें सुनिश्चित करने के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि आगरा एक अंतरराष्ट्रीय पर्यटन नगरी है और यहां आने वाले पर्यटकों के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलनी चाहिए। किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पर्यटन विभाग की योजनाओं की समीक्षा करते हुए मंत्री ने दावा किया कि आगरा में चल रही सभी प्रमुख विकास योजनाएं सितंबर माह तक पूरी कर ली जाएंगी। उन्होंने कहा कि लंबे समय से निर्माणाधीन शिवाजी म्यूजियम का कार्य भी सितंबर तक पूरा कर लिया जाएगा, जिसके बाद पर्यटक इसका दीदार कर सकेंगे। मंत्री ने कहा कि यह म्यूजियम आगरा के पर्यटन को नई पहचान देगा और देश-विदेश से आने वाले सैलानियों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा। फतेहपुर सीकरी को लेकर भी सरकार की बड़ी योजना सामने आई। मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि आगरा किले की तर्ज पर फतेहपुर सीकरी में भी साउंड एंड लाइट शो शुरू करने की तैयारी की जा रही है। इससे पर्यटकों को मुगलकालीन इतिहास और विरासत को आधुनिक तकनीक के जरिए देखने और समझने का अवसर मिलेगा। स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा के दौरान मंत्री ने एत्मादपुर में लगभग 2 करोड़ रुपये की लागत से बने स्वास्थ्य केंद्र का मुद्दा उठाया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आगामी 16 दिनों के भीतर वहां डॉक्टरों की तैनाती सुनिश्चित की जाए, ताकि क्षेत्रीय जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें। राजनीतिक मुद्दों पर भी मंत्री ने अपनी प्रतिक्रिया दी। समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता राजकुमार भाटी के जातीय बयान पर टिप्पणी करते हुए जयवीर सिंह ने कहा कि किसी भी समाज या वर्ग पर टिप्पणी करना गलत है। उन्होंने कहा कि ऐसे बयान किसी पार्टी की मानसिकता और संस्कृति को उजागर करते हैं और समाज में विभाजन पैदा करने का काम करते हैं। वहीं चंबल टूरिज्म घोटाले के मामले में मंत्री ने कहा कि जांच प्रक्रिया जारी है और जल्द ही इस मामले में बड़ी कार्रवाई देखने को मिलेगी। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के मामलों में सरकार की नीति पूरी तरह स्पष्ट है और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।





