पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने 2026-27 की परियोजनाओं की समीक्षा कर दिए अहम निर्देश

City/ STATE'S आगरा उत्तर प्रदेश जिलाधिकारी मंडलायुक्त

तहकीकात TODAY 

रिपोर्ट – फरहान खान/ मोहम्मद सुमेर 

आगरा। उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को सर्किट हाउस सभागार में पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मार्थ कार्य विभाग की वर्ष 2026-27 की योजनाओं और पर्यटन विभाग की निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने, पर्यटन सुविधाओं के विस्तार और विभिन्न मंदिरों के विकास से जुड़े प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों के प्रमुख धार्मिक स्थलों के विकास के लिए प्रस्ताव प्रस्तुत किए। इनमें एत्मादपुर के लाल मंदिर, दयालबाग के श्री बालाजी धाम, खेरागढ़ के श्री लीला विलास मंदिर, अकोला के घासी बाबा मंदिर, आगरा दक्षिण के प्राचीन कुटुम्बी भैरोंनाथ मंदिर, आगरा कैंट के दुर्गा मंदिर, किरावली के मौनी बाबा मंदिर, जयपुर हाउस स्थित श्री चिंताहरण महादेव मंदिर तथा फतेहाबाद क्षेत्र के श्री शिव मंदिर में बहुउद्देशीय हॉल, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, साइनेज, यात्री बेंच और लैंडस्केपिंग जैसे विकास कार्य प्रस्तावित किए गए। बैठक में बाह विधानसभा क्षेत्र स्थित बटेश्वर धाम के प्राचीन मंदिरों के हेरिटेज कंजर्वेशन के लिए लगभग 12 करोड़ रुपये की परियोजना पर भी चर्चा हुई। इसके अलावा कोठी मीना बाजार के पुनरोद्धार एवं सौंदर्यीकरण, बटेश्वर धाम में पार्किंग एवं पर्यटन सुविधाओं के विस्तार तथा अटल बिहारी वाजपेयी मेमोरियल में कियोस्क और अन्य सुविधाओं के विकास संबंधी प्रस्तावों की भी समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों ने धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कई सुझाव दिए। पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने स्थानीय प्रशासन और पर्यटन विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सभी महत्वपूर्ण परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि आगरा की धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन पहचान को और मजबूत किया जा सके। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया, महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह, विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह, डॉ. जी.एस. धर्मेश, पुरुषोत्तम खंडेलवाल, चौधरी बाबूलाल, भगवान सिंह कुशवाह, एमएलसी विजय शिवहरे, मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप, जिलाधिकारी मनीष बंसल, क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी शक्ति सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *