तहकीकात TODAY
रिपोर्ट – फरहान खान/ राजकुमार मीना
आगरा। अंतरराष्ट्रीय शतरंज दिवस के अवसर पर ताजमहल मेट्रो स्टेशन पर आगरा मेट्रो ने अनूठे अंदाज में ‘चेस चैलेंज’ और ‘ब्लिट्ज चेस प्रतियोगिता’ का आयोजन किया। इस विशेष कार्यक्रम में यात्रियों और आगरा मेट्रो स्टाफ ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और शतरंज के रोमांचक मुकाबलों का आनंद उठाया। चेस चैलेंज के तहत प्रतिभागियों को पहले से निर्धारित स्थिति में रखे गए मोहरों की एक शतरंज पहेली (चेस प्रॉब्लम) हल करनी थी। इसके साथ ही खिलाड़ियों ने ब्लिट्ज चेस में भी अपनी रणनीति और कौशल का प्रदर्शन किया। कम समय में खेले जाने वाले इन मुकाबलों ने आयोजन को बेहद रोमांचक बना दिया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में हेक्स एथलेटिक्स ग्रुप के मंथन मखीजा तथा प्रसिद्ध स्पोर्ट्स ब्रांड डिकैथलॉन का विशेष सहयोग रहा। डिकैथलॉन की ओर से प्रतिभागियों के लिए टेबल और आकर्षक गुडीज़ उपलब्ध कराई गईं। इस अवसर पर यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने कहा कि आगरा मेट्रो का उद्देश्य यात्रियों को केवल सुरक्षित और सुगम यात्रा ही नहीं, बल्कि स्टेशन परिसर में सकारात्मक और यादगार अनुभव भी उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि इस तरह के पैसेंजर एंगेजमेंट कार्यक्रम शतरंज जैसे बौद्धिक खेलों को बढ़ावा देने के साथ-साथ यात्रियों को “चेस ऑन द गो” का अनूठा अनुभव भी प्रदान करते हैं। कार्यक्रम की खास बात यह रही कि आगरा म्यूजिक कलेक्टिव के गायक राजा और यश ने अपने मधुर गीतों से माहौल को संगीतमय बना दिया। एक ओर शतरंज के रोमांचक मुकाबले और दूसरी ओर सुरों की मनमोहक प्रस्तुति ने आयोजन में चार चांद लगा दिए। आगरा मेट्रो की इस अनोखी पहल को यात्रियों ने खूब सराहा और भविष्य में भी ऐसे रचनात्मक एवं मनोरंजक कार्यक्रम आयोजित करने की उम्मीद जताई।





