तहकीकात TODAY
रिपोर्ट – फरहान खान/ जाहिद सलमानी
आगरा। प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर गुरुवार को विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजना की प्रगति, लंबित निरीक्षण, सोलर रूफटॉप स्थापना और बैंक स्तर पर लंबित आवेदनों की विस्तृत समीक्षा की गई।

परियोजना अधिकारी, नेडा ने बताया कि जनपद में जुलाई माह के दौरान 3,164 सोलर पावर प्लांट स्थापित किए गए हैं। सोलर रूफटॉप स्थापना के मामले में आगरा प्रदेश में पांचवें स्थान पर है, जबकि पिछले दो महीनों के प्रदर्शन के आधार पर जनपद चौथे स्थान पर पहुंच गया है।

बैठक में बताया गया कि जनपद में कुल स्थापित सोलर प्लांटों के सापेक्ष 22,336 प्लांटों का डिस्कॉम द्वारा निरीक्षण किया जा चुका है, लेकिन अभी भी लगभग 2,500 निरीक्षण लंबित हैं। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने नाराजगी जताते हुए टोरंट पावर और डीवीवीएनएल के अधिकारियों को लंबित निरीक्षण कार्य तत्काल पूरा करने के निर्देश दिए। सीडीओ ने बैठक में मौजूद सभी सोलर वेंडरों को निर्देशित किया कि जिन उपभोक्ताओं को योजना की धनराशि प्राप्त हो चुकी है, उनके यहां बिना देरी के सोलर रूफटॉप की स्थापना सुनिश्चित की जाए।

बैठक में विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। समीक्षा के दौरान स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, पंजाब नेशनल बैंक, कैनरा बैंक और यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की शाखाओं में सोलर पैनल स्थापना से संबंधित आवेदनों की पेंडेंसी अधिक पाई गई। इस पर संबंधित बैंक प्रतिनिधियों को एक सप्ताह के भीतर सभी लंबित मामलों का निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। साथ ही जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक को इन मामलों की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में योजना के बेहतर क्रियान्वयन और अधिक से अधिक पात्र उपभोक्ताओं को समयबद्ध लाभ दिलाने पर विशेष जोर दिया गया।





