तहकीकात TODAY
रिपोर्ट – फरहान खान/ मोनिस उद्दीन
आगरा। गुरु पूर्णिमा एवं मुड़िया पूर्णिमा मेला–2026 के अवसर पर लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक यात्रा सुनिश्चित करने के लिए उत्तर मध्य रेलवे के आगरा मंडल ने गोवर्धन रेलवे स्टेशन पर व्यापक यात्री सुविधाएं और सुरक्षा व्यवस्थाएं की हैं। रेल प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए स्टेशन पर विशेष प्रबंध किए हैं।

श्रद्धालुओं को टिकट लेने में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए स्टेशन पर अतिरिक्त अनारक्षित टिकट काउंटर संचालित किए गए हैं। वहीं एम-यूटीएस (Mobile Unreserved Ticketing System) के माध्यम से भी मौके पर अनारक्षित टिकट उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे लंबी कतारों में कमी आई है और यात्रियों को शीघ्र टिकट सुविधा मिल रही है।

यात्रियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए स्टेशन परिसर में चिकित्सा शिविर स्थापित किया गया है, जहां चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों की टीम प्राथमिक उपचार एवं आवश्यक चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध करा रही है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए एम्बुलेंस की भी समुचित व्यवस्था की गई है। स्वच्छता और यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशन परिसर में मोबाइल शौचालय भी उपलब्ध कराए गए हैं, ताकि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर मूलभूत सुविधाएं मिल सकें।

रेल प्रशासन ने स्टेशन परिसर में सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, यात्री मार्गदर्शन और सतत निगरानी के व्यापक इंतजाम किए हैं। रेलवे के अधिकारी एवं कर्मचारी लगातार मौके पर मौजूद रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं, जिससे श्रद्धालुओं की यात्रा सुरक्षित और व्यवस्थित बनी रहे। आगरा मंडल ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि यात्रा के दौरान रेलवे अधिकारियों एवं कर्मचारियों के निर्देशों का पालन करें तथा सुरक्षित, सुगम और सुव्यवस्थित यात्रा में अपना सहयोग प्रदान करें।





