पीर कल्यानी क्षेत्र में सड़क पर गड्ढों से जनता परेशान, मुहर्रम से पहले मरम्मत की मांग

City/ STATE'S Cover Story POLITICS आगरा उत्तर प्रदेश नगर निगम पुलिस प्रशासन प्रदर्शन प्रदेश सरकार भाजपा भारतीय जनता पार्टी मंडलायुक्त मण्डल आयुक्त मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शाशन / प्रशासन सामाजिक स्थानीय समाचार

तहकीकात TODAY 

रिपोर्ट — मोनिस उद्दीन / जाहिद सलमानी 

आगरा। शहर के पीर कल्यानी क्षेत्र में सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढे स्थानीय लोगों के लिए लगातार परेशानी का कारण बने हुए हैं। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि सड़क की बदहाल स्थिति के चलते आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिनमें कई बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे चोटिल हो चुके हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रदेश सरकार द्वारा गड्ढा मुक्त सड़कों के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन पीर कल्यानी की यह सड़क उन दावों की हकीकत बयां कर रही है। सड़क पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढों के कारण वाहन चालकों और राहगीरों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, जब गड्ढों में पानी भर जाने से दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है।

क्षेत्रवासियों ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार जिला प्रशासन और नगर निगम के अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। लोगों का आरोप है कि नगर निगम और संबंधित विभाग इस गंभीर समस्या की लगातार अनदेखी कर रहे हैं, जिससे आम जनता में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

मुहर्रम पर्व को देखते हुए स्थानीय लोगों की चिंता और भी बढ़ गई है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि मुहर्रम के दौरान इसी मार्ग से हजारों की संख्या में ताजिए गुजरते हैं। सड़क की वर्तमान स्थिति को देखते हुए किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। लोगों ने जिला प्रशासन और नगर निगम से मांग की है कि मुहर्रम शुरू होने से पहले सड़क की तत्काल मरम्मत कर गड्ढों को भरा जाए, ताकि श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।

स्थानीय नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे संबंधित अधिकारियों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। अब देखना यह होगा कि प्रशासन जनता की इस गंभीर समस्या पर कब तक ध्यान देता है और क्षेत्रवासियों को राहत मिलती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *