तहकीकात TODAY
रिपोर्ट — फरहान खान / मोहम्मद सुमेर
लखनऊ। अपने जन्मदिन के अवसर पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं, नेताओं, समर्थकों और शुभचिंतकों का आभार व्यक्त करते हुए प्रदेश में नई सरकार बनाने का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता को समाजवादी पार्टी से बड़ी उम्मीदें हैं और उनकी उम्मीदों पर खरा उतरना पार्टी की जिम्मेदारी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार बनने पर प्रदेश की समस्याओं का समाधान किया जाएगा, पीडीए समाज को सम्मान मिलेगा और सामाजिक न्याय के साथ विकास को प्राथमिकता दी जाएगी।

इस दौरान अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में थानों, तहसीलों और अस्पतालों सहित हर विभाग में भ्रष्टाचार चरम पर है। उन्होंने कहा कि भाजपा आस्था और श्रद्धा के नाम पर राजनीति कर रही है तथा लोकतंत्र और संविधान के लिए खतरा बन चुकी है। उनका दावा था कि 2024 के लोकसभा चुनाव में जनता ने भाजपा को नकार दिया था, लेकिन अब सांसदों को तोड़कर और खरीदकर संविधान बदलने की कोशिश की जा रही है, जिसका समाजवादी पार्टी विरोध करेगी।

मीडिया से बातचीत में अखिलेश यादव ने अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मुद्दे को भी उठाया। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम सभी के हैं और किसी एक दल की संपत्ति नहीं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि चढ़ावे से जुड़े मामले में सच्चाई सामने आनी चाहिए और मंदिर में चढ़ाया गया सोना, चांदी व अन्य बहुमूल्य सामान सुरक्षित वापस होना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि इस मामले में सामने आ रहे खुलासे भाजपा सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करते हैं।

अखिलेश यादव ने अयोध्या में भूमि घोटाले, भ्रष्टाचार और स्थानीय लोगों की समस्याओं का भी उल्लेख करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी लगातार इन मुद्दों को उठाती रही है, लेकिन सरकार ने कोई कार्रवाई नहीं की। उन्होंने कहा कि यदि उनकी सरकार बनती है तो अयोध्या की सांस्कृतिक विरासत को सुरक्षित रखते हुए आधुनिक सुविधाओं से युक्त शहर के रूप में विकसित किया जाएगा।

उन्होंने प्रदेश में मिलावटखोरी को भी गंभीर समस्या बताते हुए कहा कि लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वालों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। उनके अनुसार सरकार की जिम्मेदारी है कि लोगों को शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जाए और संबंधित विभाग प्रभावी कार्रवाई करें।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, सांसदों, विधायकों, पदाधिकारियों, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों, संत-महंतों तथा हजारों कार्यकर्ताओं ने पहुंचकर अखिलेश यादव को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।





