प्रधानमंत्री मोदी के सुशासन एवं सेवा के 12 वर्ष पूर्ण होने पर आगरा में अभियंताओं का महा-सम्मेलन

City/ STATE'S Entertainment Exclusive आगरा आगरा विकास प्राधिकरण उत्तर प्रदेश एडीए उपाध्यक्ष कमिश्नर प्रदेश सरकार प्रधानमंत्री बीजेपी भाजपा भारतीय जनता पार्टी मंडलायुक्त मण्डल आयुक्त मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शाशन / प्रशासन स्थानीय समाचार

राष्ट्र निर्माण में अभियंताओं की भूमिका पर मंथन, विकसित भारत के संकल्प को साकार करने का लिया गया संकल्प

तहकीकात TODAY 

रिपोर्ट — फरहान खान 

आगरा । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 140 करोड़ भारतीयों की निरंतर सेवा एवं सुशासन के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मंगलवार को आगरा विकास प्राधिकरण (एडीए) के नवीन सभागार (ई-ब्लॉक) में भव्य अभियंता सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अभियंताओं, तकनीकी विशेषज्ञों, प्रशासनिक अधिकारियों तथा जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया और राष्ट्र निर्माण में अभियंताओं की भूमिका पर व्यापक चर्चा की। कार्यक्रम में आयुक्त, आगरा मंडल, उपाध्यक्ष आगरा विकास प्राधिकरण, सचिव एडीए, संयुक्त सचिव, वित्त नियंत्रक, मुख्य अभियंता, गैर-सरकारी बोर्ड सदस्य शिवशंकर शर्मा, नगेन्द्र दुबे (गामा), अरविंद कुमार राय (परियोजना निदेशक, उत्तर प्रदेश मेट्रो), प्रो. डी.के. चतुर्वेदी (दयालबाग इंजीनियरिंग कॉलेज), लोक निर्माण विभाग, उत्तर प्रदेश जल निगम, टोरेंट पावर लिमिटेड सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अभियंता उपस्थित रहे।

देश की विकास गति के प्रमुख आधार हैं अभियंता : आयुक्त

सम्मेलन को संबोधित करते हुए आयुक्त, आगरा मंडल ने कहा कि देश के विकास की गति को आगे बढ़ाने में अभियंताओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से आधुनिक बुनियादी ढांचे की दिशा में आगे बढ़ रहा है और इसमें अभियंताओं का योगदान सबसे अहम है। उन्होंने आगरा में विकसित की जा रही अटलपुरम टाउनशिप, ग्रेटर आगरा परियोजना तथा देश की पवित्र नदियों के नाम पर प्रस्तावित 10 नई टाउनशिपों को शहर के विकास की दिशा में ऐतिहासिक पहल बताया। साथ ही उन्होंने सभी विभागों के अभियंताओं से गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध कार्य सुनिश्चित करने का आह्वान किया ताकि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें और शहर का एकीकृत विकास सुनिश्चित हो।

नवाचार और तकनीकी उत्कृष्टता पर दिया गया जोर

आगरा विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष ने कहा कि देश की प्रगति में अभियंताओं और तकनीकी विशेषज्ञों की भूमिका सदैव निर्णायक रही है। उन्होंने आगरा जनपद में प्रस्तावित नई विकास योजनाओं और निर्माण कार्यों को नवाचार, आधुनिक तकनीक और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने का आह्वान किया। सचिव, आगरा विकास प्राधिकरण ने प्राधिकरण की प्रशासनिक व्यवस्था, विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा नागरिक सुविधाओं को मजबूत बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने में अभियंताओं की भूमिका केंद्रीय है।

आगरा मेट्रो और यातायात सुधार पर चर्चा

उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन के परियोजना निदेशक अरविंद कुमार राय ने आगरा मेट्रो परियोजना, शहर में मेट्रो संचालन तथा यातायात प्रबंधन के विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि मेट्रो परियोजना शहर की परिवहन व्यवस्था को आधुनिक बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। वहीं, दयालबाग इंजीनियरिंग कॉलेज के प्रोफेसर डी.के. चतुर्वेदी ने पिछले 12 वर्षों में शहर में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए यातायात सुधार और शहरी विकास के क्षेत्र में हुए बदलावों पर विस्तार से प्रकाश डाला।

यमुना संरक्षण के लिए सीवर और एसटीपी परियोजनाएं

उत्तर प्रदेश जल निगम के मुख्य अभियंता ने जानकारी दी कि आगरा नगर में व्यापक स्तर पर सीवर लाइन बिछाने का कार्य चल रहा है। साथ ही आगामी 40 वर्षों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विभिन्न एसटीपी (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) विकसित किए जा रहे हैं, जिससे अशोधित जल यमुना नदी में न पहुंचे और पर्यावरण संरक्षण सुनिश्चित हो सके। लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता ने भी शहर के विकास में अभियंताओं के योगदान और उनकी जिम्मेदारियों पर अपने विचार व्यक्त किए।

विकसित भारत के निर्माण का लिया संकल्प

सम्मेलन में उपस्थित अधिकारियों और अभियंताओं ने कहा कि अभियंता अपने ज्ञान, तकनीकी कौशल और नवाचार के माध्यम से देश और समाज की प्रगति के आधार स्तंभ हैं। सड़क, परिवहन, जलापूर्ति, ऊर्जा, आवास तथा आधुनिक आधारभूत संरचनाओं के विकास में अभियंताओं का योगदान अतुलनीय है। इस अवसर पर ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने, गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्यों को बढ़ावा देने, नवाचार को अपनाने तथा जनहितकारी परियोजनाओं को तेजी से धरातल पर उतारने को लेकर भी व्यापक चर्चा हुई। साथ ही पिछले 12 वर्षों में आगरा में हुए निर्माण एवं विकास कार्यों पर विशेष प्रस्तुतीकरण भी दिया गया। कार्यक्रम के अंत में आगरा विकास प्राधिकरण के सचिव ने सभी अतिथियों, अधिकारियों और अभियंताओं का आभार व्यक्त किया। सम्मेलन में उपस्थित सभी लोगों ने राष्ट्र निर्माण, जनसेवा और विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने का सामूहिक संकल्प लिया

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *