तहकीकात TODAY
रिपोर्ट — फरहान खान / राजकुमार मीना
आगरा। भारतीय रेलवे के डिजिटल इंडिया अभियान को गति देते हुए आगरा रेल मंडल ने अनारक्षित टिकटों की बिक्री में डिजिटल भुगतान को व्यापक रूप से अपनाया है। अप्रैल–मई 2026-27 के दौरान UPI और अन्य डिजिटल माध्यमों से टिकट खरीदने वाले यात्रियों की संख्या तथा उससे प्राप्त राजस्व में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। यह उपलब्धि यात्रियों के बीच कैशलेस और सुविधाजनक टिकटिंग व्यवस्था की बढ़ती स्वीकार्यता को दर्शाती है। आगरा मंडल द्वारा यात्रियों को सुरक्षित, सरल और पारदर्शी टिकटिंग सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के लिए रेलवे स्टेशनों पर QR कोड आधारित भुगतान व्यवस्था, मोबाइल एप्लीकेशन तथा अन्य ऑनलाइन विकल्पों को मजबूत किया गया है, जिसका सकारात्मक परिणाम अब आंकड़ों में भी दिखाई देने लगा है। रेलवे के आंकड़ों के अनुसार वित्तीय वर्ष 2025-26 के अप्रैल–मई माह में जहां 7.32 लाख यात्रियों ने डिजिटल माध्यम से टिकट खरीदे थे, वहीं वित्तीय वर्ष 2026-27 की समान अवधि में यह संख्या बढ़कर 10.13 लाख पहुंच गई। यानी डिजिटल टिकट खरीदने वाले यात्रियों की संख्या में 38.33 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। केवल यात्रियों की संख्या ही नहीं, बल्कि डिजिटल भुगतान के माध्यम से रेलवे को प्राप्त होने वाले राजस्व में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है। अप्रैल–मई 2025-26 में डिजिटल माध्यम से टिकट बिक्री से 4.21 करोड़ रुपये की आय हुई थी, जो अप्रैल–मई 2026-27 में बढ़कर 6.75 करोड़ रुपये पहुंच गई। यह 60.43 प्रतिशत की वृद्धि को दर्शाता है। मोबाइल एप के जरिए टिकट बुकिंग करने वाले यात्रियों की संख्या में भी लगातार इजाफा हो रहा है। इस अवधि में मोबाइल एप आधारित टिकट बुकिंग में 19.61 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई, जबकि इससे प्राप्त राजस्व में 30.41 प्रतिशत का इजाफा हुआ। वहीं QR कोड और UPI आधारित भुगतान से प्राप्त आय में 66.09 प्रतिशत की उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई, जो यात्रियों के बीच डिजिटल भुगतान की बढ़ती लोकप्रियता का स्पष्ट संकेत है।रेलवे अधिकारियों का मानना है कि डिजिटल टिकटिंग व्यवस्था से यात्रियों को टिकट खरीदने में समय की बचत हो रही है, लंबी कतारों से राहत मिल रही है और भुगतान प्रक्रिया अधिक सुरक्षित एवं पारदर्शी बन रही है। इसके साथ ही नकदी लेनदेन में कमी आने से रेलवे के कार्य संचालन में भी दक्षता बढ़ी है। आगरा मंडल भविष्य में भी डिजिटल टिकटिंग को और अधिक सशक्त बनाने तथा यात्रियों को आधुनिक, सुगम और कैशलेस सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। रेलवे का लक्ष्य अधिक से अधिक यात्रियों को डिजिटल माध्यम अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना है, ताकि यात्रा अनुभव को और बेहतर बनाया जा सके।





